आखिर क्यों हाथ में फावड़ा लेकर आधी रात को सड़क पर उतरी आगरा पुलिस? VIDEO हो रही वायरल, लोग कर रहे तारीफ
Last Updated:
Agra News: आगरा पुलिस का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी सड़क पर गिरे तेल के कारण फिसलन रोकने के लिए मिट्टी डालते नजर आ रहे हैं. राहगीरों ने इस अनोखे प्रयास का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर ते…और पढ़ें
सड़क पर मिट्टी डालते पुलिसकर्मी
हाइलाइट्स
- आगरा पुलिस ने सड़क पर गिरे तेल को मिट्टी डालकर साफ किया.
- पुलिस की तत्परता और सेवा भावना की सोशल मीडिया पर सराहना.
- घटना प्रतापपुरा के जीपीओ चौराहे पर रात 11 बजे हुई.
आगरा: सोशल मीडिया पर आगरा पुलिस का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी हाथ में फावड़ा लिए सड़क पर मिट्टी डालते नजर आ रहे हैं. यह नजारा प्रतापपुरा के जीपीओ चौराहे का है, जहां सड़क पर गिरा तेल दोपहिया वाहनों के लिए खतरा बन गया था. घटना कल रात 11 बजे की है, जब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सड़क पर तेल फैलने के कारण बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं. सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम प्रभारी विवेक कुमार और उनकी टीम CT रवि कुमार और HC रंजीत सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने देखा कि एक राहगीर का तेल का टिन सड़क पर गिरने से फिसलन हो गई थी, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल समाधान निकालने का फैसला किया.
मेट्रो साइट से ली मिट्टी, खुद सड़क पर डाली !
घटनास्थल के पास मेट्रो की खुदाई चल रही थी. पुलिस ने वहीं से फावड़ा लिया और मिट्टी उठाकर सड़क पर डालनी शुरू कर दी. कुछ ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने हाथ से भी मिट्टी डालकर फिसलन कम करने का प्रयास किया.
सोशल मीडिया पर पुलिस की सराहना
राहगीरों ने इस अनोखे प्रयास का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग पुलिस की तत्परता और सेवा भावना की खूब सराहना कर रहे हैं. आगरा पुलिस का यह सराहनीय कार्य यह साबित करता है कि वर्दीधारी सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं संभालते, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाते हैं.