आजमगढ़: ‘मड़वा हिलाने’ की रस्म में चाचा ने की ऐसी डिमांड, भड़क गई नई दुल्हन, सुना दिया ऐसा फरमान.. बुलानी पड़ी पुलिस
Last Updated:
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के सरायमीर कस्बे का है, जहां रहने वाली एक युवती की शादी जौनपुर के जैतपुर कस्बे के युवक से एक वर्ष पूर्व तय हुई थी. शनिवार को बारात धूमधाम से दुल्हन के द्वार पहुंची. स्वागत-सत्कार से लेकर जयमाला तक सभी रस्में शांति से पूरी हुईं. माहौल में खुशी थी, लेकिन एक रस्म ने सारे रंग फीके कर दिए.
उत्तर प्रदेश में दहेज के कारण कई रिश्ते टूटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन आजमगढ़ में एक बेहद विचित्र मामला सामने आया है. यहां दहेज की मांग न तो गाड़ी की थी, न ही नकद की, बल्कि मांग ऐसी थी कि दुल्हन भड़क गई और विदाई से पहले ही ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया. नतीजा यह हुआ कि रस्में पूरी होने के बावजूद शादी मौके पर ही टूट गई और बारात खाली हाथ वापस लौट गई.
मामला आजमगढ़ जिले के सरायमीर कस्बे का है, जहां रहने वाली एक युवती की शादी जौनपुर के जैतपुर कस्बे के युवक से एक वर्ष पूर्व तय हुई थी. शनिवार को बारात धूमधाम से दुल्हन के द्वार पहुंची. स्वागत-सत्कार से लेकर जयमाला तक सभी रस्में शांति से पूरी हुईं. माहौल में खुशी थी, लेकिन एक रस्म ने सारे रंग फीके कर दिए.
जूता चुराई रस्म से शुरू हुआ विवाद
दूल्हे की जूता चुराई रस्म के दौरान दुल्हन पक्ष की तरफ से 20 हजार रुपये की मांग रखी गई. थोड़ी नोक-झोंक के बाद दूल्हा पक्ष ने यह रकम दे भी दी. यहां तक सब सामान्य था, लेकिन असली विवाद इसके बाद शुरू हुआ. ‘मड़वा हिलाने’ की रस्म के दौरान दूल्हे के चाचा ने अचानक दुल्हन पक्ष से एक भैंस और एक लाख रुपये की मांग कर दी. इस अजीबोगरीब और अनुचित मांग से लड़की पक्ष के लोग हैरान रह गए.
दुल्हन पक्ष ने पहले समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हे के चाचा अपनी मांग पर अड़े रहे. मामूली कहासुनी धीरे-धीरे बड़ा विवाद बन गई. स्थिति बिगड़ती देख दुल्हन गुस्से में आ गई और दो टूक कह दिया कि वह ऐसे लालची ससुराल में कदम नहीं रखेगी. उसने विदाई से इनकार कर शादी तोड़ने का फैसला सुना दिया. इधर बारातियों में माहौल गर्म होने लगा और कई लोग धीरे-धीरे कार्यक्रम स्थल से निकलने लगे. उधर नाराज दुल्हन पक्ष ने दूल्हे, उसके पिता और चाचा को बंधक बना लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी.
बिना दुल्हन लौटी बारात
सरायमीर थानाध्यक्ष निहारनंदन कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बात कर पूरा घटनाक्रम समझा. पुलिस ने समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन दूल्हे का पक्ष अपनी मांगों से पीछे नहीं हटा. आखिर में दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौट गया. दुल्हन पक्ष का कहना है कि वे ऐसे लालची परिवार में बेटी नहीं भेज सकते. पुलिस ने बताया कि दहेज मांग और विवाद को लेकर दोनों पक्षों से लिखित बयान लिए जा रहे हैं. मामले की जांच की जाएगी और आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.