कानपुर के लोगों के लिए खुशखबरी, मार्च में आईआईटी से नौबस्ता तक दौड़ेगी मेट्रो, कॉरिडोर बनकर हुआ तैयार

0
कानपुर के लोगों के लिए खुशखबरी, मार्च में आईआईटी से नौबस्ता तक दौड़ेगी मेट्रो, कॉरिडोर बनकर हुआ तैयार


कानपुर: कानपुर महानगर के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे इंतजार के बाद कानपुर मेट्रो का कॉरिडोर-1 अब पूरी तरह तैयार हो चुका है. मार्च 2026 से आईआईटी कानपुर से लेकर नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीद है. इसके शुरू होते ही कानपुर के दक्षिणी हिस्से की लगभग 20 लाख आबादी को शहर के मुख्य क्षेत्रों से सीधा, तेज और जाम-मुक्त संपर्क मिल जाएगा. नौकरी, पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों के लिए रोज शहर की ओर सफर करने वाले लोगों के लिए यह सुविधा किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है.

कानपुर दक्षिण को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

अब तक मेट्रो सेवा आईआईटी कानपुर से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन तक ही संचालित हो रही थी, जहां रोजाना करीब 30 हजार यात्री सफर कर रहे हैं. कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. इसके शुरू होते ही दक्षिण कानपुर से शहर के व्यावसायिक और शैक्षणिक केंद्रों तक पहुंच आसान हो जाएगी. ट्रैफिक जाम से रोज जूझने वाले लोगों को समय और ईंधन दोनों की बचत होगी.

कॉरिडोर-1 आईआईटी कानपुर से नौबस्ता तक फैला हुआ है. यह लगभग 23.8 किलोमीटर लंबा ट्रैक है, जिसमें कुल 21 स्टेशन शामिल हैं.इस कॉरिडोर में एलिवेटेड और अंडरग्राउंड, दोनों तरह के स्टेशन बनाए गए हैं. इससे मेट्रो शहर के पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों से भी आसानी से गुजर पा रही है. कॉरिडोर-1 के पूरा हो जाने से कानपुर मेट्रो का पहला चरण पूरी तरह कंप्लीट माना जाएगा.

स्टेशनों की पूरी जानकारी एक नजर में

आईआईटी कानपुर से नौबस्ता तक मेट्रो रूट पर आईआईटी कानपुर, कल्याणपुर रेलवे स्टेशन, एसपीएम अस्पताल, सीएसजेएमयू विश्वविद्यालय, गुरुदेव चौराहा, गीता नगर, रावतपुर, एलएलआर अस्पताल, मोती झील एलिवेटेड स्टेशन हैं. इसके बाद शहर के मुख्य व्यावसायिक क्षेत्र में चुन्नी गंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नया गंज और कानपुर सेंट्रल अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए गए हैं. कानपुर सेंट्रल के आगे झकरकटी बस टर्मिनल और ट्रांसपोर्ट नगर अंडरग्राउंड स्टेशन हैं, जबकि आगे बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता एलिवेटेड स्टेशन के रूप में विकसित किए गए हैं.

यात्रियों की संख्या में होगी बड़ी बढ़ोतरी

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्रा के अनुसार कॉरिडोर-1 पूरी तरह बनकर तैयार है और मार्च से संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा. उनका कहना है कि अभी जहां रोजाना करीब 30 हजार लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं, वहीं पूरे कॉरिडोर के शुरू होते ही यह संख्या 50 हजार के करीब पहुंचने की उम्मीद है. आईआईटी कानपुर से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होना कानपुर के लिए एक बड़ा शहरी बदलाव साबित होगा. यह मेट्रो न सिर्फ सफर को आसान बनाएगी, बल्कि शहर की रफ्तार और जीवनशैली को भी नई दिशा देगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों