कानपुर में दिव्यांगजनों के लिए खुलेगा देश का पहला एटी मार्ट, जाने यहां
Last Updated:
भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) कानपुर में देश का पहला एटी मार्ट खोलने जा रहा है, जहां दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक, कृत्रिम अंग और हियरिंग एड जैसे सहायक उपकरण एक ही जगह उपलब्ध होंगे. मई से शुरू होने की संभावना वाले इस वन-स्टॉप सेंटर को भविष्य में देशभर में मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे दिव्यांगजनों को सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण उपकरण आसानी से मिल सकें.
कानपुर. देश भर के दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. कानपुर स्थित भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) अब देश का पहला एटी मार्ट खोलने जा रहा है. इस मार्ट का मकसद दिव्यांगजनों को उनके जरूरी उपकरण आसानी से उपलब्ध कराना है. अभी तक लोगों को कृत्रिम अंग या अन्य सहायक उपकरण पाने के लिए अलग-अलग माध्यमों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब एटी मार्ट के जरिए वे सीधे अपनी जरूरत के अनुसार सामान खरीद सकेंगे. एलिम्को द्वारा इस एटी मार्ट को अपने कानपुर कार्यालय में ही शुरू करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए जगह चिन्हित की जा रही है और उम्मीद है कि अप्रैल के अंत तक सारी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. मई से इसका संचालन शुरू होने की संभावना है. यह मार्ट दिव्यांगजनों के लिए एक तरह का वन-स्टॉप सेंटर होगा, जहां उन्हें वॉकिंग स्टिक, व्हीलचेयर, कृत्रिम हाथ-पैर, हियरिंग एड जैसे कई जरूरी उत्पाद एक ही जगह मिलेंगे.
देशभर में मॉडल बनेगा एटी मार्ट
एलिम्को का यह एटी मार्ट सिर्फ कानपुर तक सीमित नहीं रहेगा. योजना है कि आने वाले समय में देशभर में ऐसे कई एटी सेंटर खोले जाएं, ताकि हर क्षेत्र के दिव्यांगजन को इसका लाभ मिल सके. यह पहल सरकार की दिव्यांग सहारा योजनाओं को भी मजबूती देगी. एलिम्को के अधिकारी बताते हैं कि यह मार्ट एक नए मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ लोगों की सुविधा का भी खास ध्यान रखा जाएगा. इससे न केवल खरीदारी आसान होगी, बल्कि लोगों को सही जानकारी और सही उत्पाद चुनने में भी मदद मिलेगी.
एलिम्को का लक्ष्य—दुनिया में पहचान बनाना
एलिम्को के सीएमडी प्रवीण कुमार ने बताया कि संस्थान अब केवल देश तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. संस्थान को अब रूस और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों से भी ऑर्डर मिल रहे हैं. एलिम्को लगातार नई तकनीकों, खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित उत्पादों पर काम कर रहा है. इसका लक्ष्य है कि वह आने वाले समय में एक भरोसेमंद ग्लोबल सप्लायर बने और दुनिया के बाजार में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करे.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें