कानपुर में योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आरएसएस की बैठक, कई राष्ट्रीय मुद्दों पर हुआ मंथन

0
कानपुर में योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आरएसएस की बैठक, कई राष्ट्रीय मुद्दों पर हुआ मंथन


Last Updated:

कानपुर में आरएसएस की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए, जहां कानून व्यवस्था, प्रशासनिक सुधार, भ्रष्टाचार और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. पदाधिकारियों ने सरकार के काम की सराहना करते हुए कुछ क्षेत्रों में सुधार की जरूरत भी बताई.

कानपुर. शहर के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित हुई. इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए, बैठक के दौरान संघ और उसके विभिन्न अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदेश के कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. बैठक की शुरुआत होते ही पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है. अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण भी देखने को मिला है हालांकि, इसके साथ ही कुछ ऐसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई जिन पर आगे चिंतन और सुधार की जरूरत बताई गई. खास तौर पर शंकराचार्य से जुड़े मामले को लेकर पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के विषयों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए.

प्रशासनिक कार्यशैली सुधारने की भी उठी बात
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली को और मजबूत बनाने की बात भी रखी. उन्होंने कहा कि कई जगहों पर अधिकारियों और आम जनता के बीच संवाद उतना प्रभावी नहीं है जितना होना चाहिए. यदि अफसर जनता से सीधे संवाद बढ़ाएं तो समस्याओं का समाधान और तेजी से हो सकता है. इसके साथ ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठा रही है, लेकिन इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए और कड़े कदम उठाने की जरूरत है. उनका कहना था कि यदि इस दिशा में सख्ती जारी रही तो जनता का भरोसा और मजबूत होगा.

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दिखाई एकजुटता
बैठक में साल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई. पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का काम पूरी ताकत से करेगा. उन्होंने कहा कि संघ और सरकार के बीच किसी भी तरह का विरोधाभास न हो, इसके लिए सभी लोग अपने-अपने स्तर पर समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं. साथ ही यह भी कहा गया कि सरकार प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में अच्छा काम कर रही है, लेकिन कुछ कमियां हैं जिन्हें समय रहते दूर करना जरूरी है.

कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी हुआ मंथन
बैठक में क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रांत प्रचारक श्रीराम, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अनुपम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक के बाद भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस समन्वय बैठक में विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई. पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी मंथन किया गया. राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि चर्चा के दौरान यूजीसी बिल जैसे विषय भी प्रमुख रूप से सामने आये. इस तरह कानपुर में हुई यह समन्वय बैठक न सिर्फ संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही, बल्कि आने वाले समय की राजनीतिक और प्रशासनिक दिशा को लेकर भी कई संकेत देती नजर आई.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *