गाजियाबाद का यह बाजार है आर्टिफिशियल ज्वेलरी का गढ़, कम कीमत में शानदार डिजाइन

0
गाजियाबाद का यह बाजार है आर्टिफिशियल ज्वेलरी का गढ़, कम कीमत में शानदार डिजाइन


Last Updated:

Ghaziabad News: गाजियाबाद के ऐतिहासिक सीताराम बाजार में सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बीच आर्टिफिशियल ज्वेलरी का क्रेज तेजी से बढ़ा है. 40 वर्षों से भरोसे का केंद्र रहे इस बाजार में मात्र ₹100 से लेकर हजारों रुपये तक की किफायती और ट्रेंडी ज्वेलरी उपलब्ध है. दिल्ली-NCR और पश्चिमी यूपी की महिलाओं के लिए यह बाजार पहली पसंद बन चुका है, क्योंकि यहां गहनों पर वारंटी और एक्सचेंज की विशेष सुविधा भी मिलती है. शादी और त्योहारों की शॉपिंग के लिए यह सबसे बेहतरीन ठिकाना है.

गाजियाबाद: आसमान छूती सोने-चांदी की कीमतों ने भले ही आम आदमी की जेब पर दबाव बढ़ा दिया हो, लेकिन सजने-संवरने के शौक के आगे महंगाई अब फीकी पड़ रही है. जहां असली गहने खरीदना एक बड़ी चुनौती बन गया है, वहीं गाजियाबाद का ऐतिहासिक ‘सीताराम बाजार’ महिलाओं के लिए एक ‘सिल्वर लाइनिंग’ बनकर उभरा है. 40 सालों का भरोसा, किफायती दाम और लेटेस्ट फैशन का ऐसा संगम यहां देखने को मिलता है कि अब केवल गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों की महिलाएं यहां खिंची चली आ रही हैं.

सोने-चांदी की महंगाई ने बदला ट्रेंड
सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों ने अब ज्वेलरी खरीदना एक बड़ी चुनौती बना दिया है. जहां पहले त्योहार, शादी या खास मौके पर महिलाएं आसानी से गोल्ड और सिल्वर ज्वेलरी खरीद लेती थीं वहीं अब बढ़ती महंगाई ने उनके विकल्प बदल दिए हैं. लेकिन फैशन की चाह और सजने-संवरने का शौक कभी कम नहीं होता यही वजह है कि अब महिलाएं तेजी से आर्टिफिशियल ज्वेलरी की ओर रुख कर रही हैं.

इसी बदलते ट्रेंड के बीच गाजियाबाद का पुराना सीताराम बाजार महिलाओं के लिए एक खास ठिकाना बनकर उभरा है जहां कम कीमत में स्टाइलिश और ट्रेंडी ज्वेलरी आसानी से मिल जाती है. यहाँ की चमक-दमक और किफायती रेंज ने इसे सिर्फ शहर ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों और दिल्ली तक की महिलाओं के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया है.

₹100 से शुरू होती है किफायती रेंज
करीब 40 साल पुराने इस आर्टिफिशियल ज्वेलरी बाजार में हर वर्ग की महिलाओं के लिए कुछ न कुछ खास मौजूद है. यहाँ की खासियत सिर्फ डिजाइन और वैरायटी ही नहीं बल्कि किफायती दाम भी हैं जो इसे और आकर्षक बनाते हैं. इस बाजार में ज्वेलरी की कीमत महज ₹100 से शुरू होकर हजारों रुपये तक जाती है जिससे हर बजट की महिलाएं यहाँ आसानी से खरीदारी कर सकती हैं. शादी-ब्याह हो या कोई खास मौका, यहाँ ब्राइडल सेट, चेन, ईयररिंग्स और लेटेस्ट फैशन की तमाम ज्वेलरी उपलब्ध है. यही कारण है कि गाजियाबाद ही नहीं बल्कि मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ और दिल्ली तक से महिलाएं यहाँ खरीदारी करने पहुंचती हैं.

आर्टिफिशियल ज्वेलरी पर वारंटी का खास ऑफर
सीताराम बाजार की एक और खास बात है यहाँ मिलने वाली ज्वेलरी की वारंटी. आमतौर पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी में वारंटी मिलना मुश्किल होता है लेकिन इस बाजार की कई दुकानों में ग्राहकों को यह सुविधा दी जाती है. अगर ज्वेलरी में कोई शिकायत आती है या ग्राहक उसे बदलना चाहता है तो 50% कीमत काटकर नई ज्वेलरी एक्सचेंज करने का विकल्प भी मिलता है. यह सुविधा महिलाओं के बीच भरोसा बढ़ाने का काम कर रही है.

दशकों पुराना अनुभव और बढ़ता क्रेज
दुकान मालिक दिनेश कुमार गोयल बताते हैं कि पिछले चार दशकों से वे इस कारोबार से जुड़े हुए हैं और उन्होंने बाजार में बड़ा बदलाव देखा है. दिनेश कुमार ने बताया कि जैसे-जैसे सोने-चांदी के दाम बढ़े हैं वैसे-वैसे महिलाओं का रुझान आर्टिफिशियल ज्वेलरी की ओर तेजी से बढ़ा है. आज महिलाएं कम कीमत में स्टाइलिश और ट्रेंडी ज्वेलरी चाहती हैं और यह बाजार उनकी उसी जरूरत को पूरा कर रहा है.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *