घर पर बनाएं बाजार जैसा हलवा-पराठा, सर्दियों की खास डिश की पूरी विधि, जानिए मशहूर रेसिपी का राज
Last Updated:
Food story : सर्दी के मौसम में लोग कुछ गर्म और स्वादिष्ट खाने की तलाश में रहते हैं. ऐसे में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में हलवा-पराठा लोगों की खास पसंद बन चुका है. यहां एक दुकान पर हलवा और पराठा खाने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है. अब आप भी वही स्वाद अपने घर पर आसानी से बना सकते हैं.
सुल्तानपुर: ठंड के मौसम में शरीर को ज्यादा ऊर्जा की जरूरत होती है. हलवा और पराठा देसी घी और सूजी से बनने के कारण शरीर को गर्माहट और ताकत देते हैं. यही वजह है कि सर्दियों में हलवा-पराठा नाश्ते और खाने की थाली में खास जगह बना लेता है. सुल्तानपुर जिले में लगने वाले मेलों और बाजारों में हलवा-पराठा बेचने वाली दुकानों पर सुबह से ही भीड़ जुटने लगती है. दुकानदार संतोष कुमार द्वारा बनाया गया सूजी का हलवा और मैदे का पराठा लोगों को खासा पसंद आता है. स्वाद और गुणवत्ता के कारण यहां दूर-दूर से लोग खाने पहुंचते हैं.
हलवा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
अगर आप घर पर हलवा बनाना चाहते हैं तो इसके लिए सूजी, चीनी, इलायची, देसी घी, पानी, काजू, किशमिश और बादाम की जरूरत होगी. रंग पसंद करने वालों के लिए किराना दुकान से लाल या पीला फूड कलर भी लिया जा सकता है. दुकानदार संतोष कुमार बताते हैं कि मैदे का पराठा बनाने के लिए आटा पहले से गूंथकर रखा जाता है. इसमें पानी की मात्रा थोड़ी ज्यादा रखी जाती है, जिससे पराठा मुलायम बने. खास बात यह है कि इस पराठे को तवे पर सेंकने के बजाय ज्यादा तेल में तला जाता है, जिससे इसका स्वाद अलग हो जाता है.
हलवा बनाने की आसान विधि
सबसे पहले सूजी को कड़ाही में धीमी आंच पर लगातार भूनें. जब सूजी हल्की लाल हो जाए तो उसे निकालकर ठंडा कर लें. इसके बाद कड़ाही में थोड़ा देसी घी डालकर सूजी को दोबारा भूनें. अलग बर्तन में पानी उबालें और भुनी सूजी में धीरे-धीरे डालें. फिर इसमें चीनी, इलायची, काजू, बादाम और किशमिश डालकर अच्छे से पकाएं.
लसलसा हलवा बनाने का राज
संतोष कुमार बताते हैं कि हलवा थोड़ा लसलसा होना चाहिए. इससे पराठे के साथ मिलाकर खाने में स्वाद दोगुना हो जाता है. लसलसा हलवा न सिर्फ खाने में आसान होता है, बल्कि दांतों पर भी ज्यादा जोर नहीं डालता. अगर आप सर्दियों में कुछ अलग और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो हलवा-पराठा एक बेहतरीन विकल्प है. इसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं और परिवार के साथ गर्मागर्म परोस सकते हैं.