चंदौली: जिलाधिकारी ने किया SIR प्रक्रिया का सघन निरीक्षण, समयबद्ध और निष्पक्ष पुनरीक्षण के दिए निर्देश
Last Updated:
Chandauli News: यूपी में SIR प्रक्रिया लगातार आगे बड़ रही है. वहीं चंदौली में जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सघन निरीक्षण किया. उन्होंने सदर तहसील के तेजोपुर और नगर पंचायत सैयदराजा का दौरा कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.
चंदौली: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision- SIR) कार्य को लेकर उत्तर प्रदेश के जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रविवार (23 नवंबर, 2025) को सघन निरीक्षण किया. उन्होंने सदर तहसील के तेजोपुर और नगर पंचायत सैयदराजा का दौरा कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित उपजिलाधिकारी सदर, सुपरवाइजर, बीएलओ और अन्य संबंधित कर्मचारियों से मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने और उन्हें अपडेट करने की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली.
गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सख्त निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान का कार्य पूरी निष्पक्षता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हों. इसके तहत बीएलओ की ओर से घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा रहा है और प्रपत्रों को भरवाकर प्राप्त किया जा रहा है.
वरिष्ठ अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी
पुनरीक्षण कार्य की निगरानी और उसमें तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. इस कार्य हेतु अपर जिलाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी और जनपद स्तरीय 60 सेक्टर मजिस्ट्रेट अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है. ये सभी अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर कार्य की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित कर रहे हैं. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ उपजिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा, तहसीलदार, सुपरवाइजर, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. वहीं, डीएम ने कहा कि समय पर पुनरीक्षण कार्य पूरा होने से मतदाता सूची त्रुटि रहित और अपडेट हो सकेगी.
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.