झांसी में 34 डिग्री के पार हुआ तापमान, यूपी में पड़ने लगी भीषण गर्मी, आज ऐसा रहेगा मौसम
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मार्च के महीने में अप्रैल जैसी गर्मी पड़ रही है. शुरुआती हफ्ते में ही भगवान भाष्कर की तपिश लोगों का पसीना छुड़ाने लगी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान में अभी और उछाल देखने को मिलेगा. बता दें कि 6 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार (4 मार्च) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान सभी जिलों को आईएमडी ने ग्रीन जोन में रखा है. गाजियाबाद से वाराणसी तक सभी जिलों में दिन की शुरुआत खिली धूप से ही होगी.इस दौरान कुछ जिलों में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी. हालांकि 24 घंटे बाद यह दौर थम जाएगा.
35 डिग्री पहुंच सकता है तापमान
बुधवार को आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बरेली, रामपुर, अमेठी, रायबरेली, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, कुशीनगर, मुरादाबाद, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी, देवरिया, बस्ती, ललितपुर, श्रावस्ती, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या, इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, आजमगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
नोएडा-लखनऊ में बढ़ेगी धूप की तल्खी
राजधानी लखनऊ में बुधवार को धूप की तल्खी बढ़ेगी. आसमान साफ होगा. इस दौरान धूप भी खिली रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 15 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा. 48 घंटे बाद इसमें थोड़ा उछाल की भी संभावना है. वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी अब तापमान में पहले से उछाल देखने को मिलेगा. यहां भी सुबह से ही धूप की तल्खी लोगों को गर्मी का अहसास कराएगी.
कई जिलों में तापमान में होगा उछाल
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले 2 से 3 दिनों प्रदेश के अलग अलग जिलों में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक का क्रमिक उछाल आएगा.
झांसी में तापमान 34 के पार
बताते चलें कि अब बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस झांसी में रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अयोध्या में 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा.