टिकट को लेकर हुई बहस तो बौखला गया TTE, चलती ट्रेन से नेवी अफसर की बीवी को दे दिया धक्का
इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा में नौसेना अफसर की पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. यहां के जीआरपी थाने में तैनात टीटीई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि बहस होने पर तिलमिलाए टीटीई ने ट्रेन से महिला को धक्का दे दिया था, जिससे उसकी जान चली गई. आइए जानते हैं पूरा मामला…
वह पटना-आनंद विहार सुपरफास्ट 04089 ट्रेन से दिल्ली जा रही थीं. तभी टीटीई संतोष टिकट चेक करने पहुंच गए. इस दौरान संतोष और महिला की जमकर बहस हुई. इसकी शिकायत ट्रेन में मौजूद लोगों ने रेलवे को दी थी. टिकट विवाद इतना बढ़ गया कि टीटीई ने गुस्से में आरती को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया. परिजनों ने ये आरोप लगाया है.
गुरुवार सुबह जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि आरती का पर्स शव मिलने की जगह से लगभग चार किलोमीटर दूर मिला है. मोबाइल की लोकेशन तीसरी जगह दिख रही थी. यानी, महिला का शव जहां मिला, मोबाइल कहीं और मिला और पर्स कहीं और. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह सामान्य हादसा होता तो सामान इस तरह तीन अलग-अलग जगहों पर कैसे फैला हो सकता है. यह स्थिति साफ तौर पर किसी बाहरी हस्तक्षेप, संघर्ष या धक्का दिए जाने की तरफ इशारा कर रही है.
इस मामले पर सीओ जीआरपी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रारंभिक मेमो में इसे गिरकर मौत बताया गया था, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए टीटीई के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जांच शुरू कर दी गई है.