दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: ढ़ाई घंटे में सफर, यूपी के 3 शहरों की बदल देगा किस्मत
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही उत्तर भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर मैप पर एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. यह हाई-स्पीड कॉरिडोर न केवल दिल्ली और देहरादून के बीच दूरी और समय को कम करेगा, बल्कि इसके आसपास के शहरों में रियल एस्टेट सेक्टर को नई रफ्तार भी देगा. बेहतर कनेक्टिविटी, तेज ट्रैवल और बढ़ती आर्थिक गतिविधियों के चलते यह एक्सप्रेसवे आने वाले समय में एक बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकता है.
14 अप्रैल को प्रस्तावित इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद दिल्ली से देहरादून की यात्रा पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो जाएगी. जहां पहले इस सफर में 5-6 घंटे लगते थे, वहीं अब यह दूरी करीब ढाई से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी. इस बदलाव का सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना यात्रा करते हैं, साथ ही वीकेंड ट्रैवल और टूरिज्म को भी बड़ा बूस्ट मिलेगा.
कनेक्टिविटी से उभरेंगे नए रियल एस्टेट हब
इस एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा फायदा उन शहरों को होगा जो इसके मार्ग में आते हैं, जैसे बागपत, शामली और सहारनपुर. अब तक अपेक्षाकृत कम विकसित माने जाने वाले ये शहर बेहतर सड़क संपर्क के चलते निवेशकों और होमबायर्स के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं. जमीन की कीमतों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग की संभावनाएं बढ़ रही हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे कनेक्टिविटी मजबूत होती है, वैसे-वैसे शहरों का विस्तार भी होता है. यही कारण है कि एक्सप्रेसवे के आसपास के इलाकों में प्लॉटिंग, टाउनशिप और अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की मांग तेजी से बढ़ सकती है.
टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मिलेगा बूस्ट
देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से टूरिज्म सेक्टर में नई जान आएगी. इसका असर होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे और रिटेल सेक्टर पर भी देखने को मिलेगा. निवेशक अब इन क्षेत्रों में हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट्स की ओर रुख कर सकते हैं, जिससे लोकल रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
लॉजिस्टिक्स और बिजनेस को मिलेगा फायदा
एक्सप्रेसवे के शुरू होने से माल परिवहन तेज और सस्ता होगा. इससे इंडस्ट्रियल और वेयरहाउसिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी. खासकर सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकास की संभावनाएं बढ़ गई हैं. बेहतर सप्लाई चेन और कम ट्रांसपोर्ट कॉस्ट के चलते छोटे और मझोले उद्योगों को भी फायदा होगा.
एनसीआर पर भी दिखेगा असर
दिल्ली-एनसीआर के रियल एस्टेट बाजार पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है. बेहतर कनेक्टिविटी के कारण लोग अब भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाहर निकलकर शांत और किफायती क्षेत्रों में घर खरीदने की ओर आकर्षित हो सकते हैं. इससे एनसीआर का विस्तार और संतुलित विकास संभव होगा.
भविष्य में बढ़ेगा निवेश का दायरा
इंफ्रास्ट्रक्चर के ऐसे बड़े प्रोजेक्ट्स हमेशा निवेश के नए अवसर पैदा करते हैं. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. आने वाले समय में इसके किनारे नए टाउनशिप, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और इंडस्ट्रियल पार्क विकसित हो सकते हैं, जिससे यह पूरा कॉरिडोर एक मजबूत आर्थिक बेल्ट के रूप में उभर सकता है.
मिगसन ग्रुप के एमडी यश मिगलानी कहते हैं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उत्तर भारत के रियल एस्टेट सेक्टर के लिए एक ट्रांसफॉर्मेशनल प्रोजेक्ट साबित होगा. खासकर बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे शहर अब निवेश के नए हॉटस्पॉट बनेंगे. बेहतर कनेक्टिविटी के साथ इन इलाकों में अफोर्डेबल और मिड-सेगमेंट हाउसिंग की मांग तेजी से बढ़ेगी.
सिक्का ग्रुप के चेयरमैन हरविंदर सिंह सिक्का कहते हैं, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट हमेशा रियल एस्टेट ग्रोथ का सबसे बड़ा ट्रिगर होता है और यह एक्सप्रेसवे इसका ताजा उदाहरण है. आने वाले 2-3 वर्षों में इस कॉरिडोर के आसपास जमीन की कीमतों में मजबूत वृद्धि देखने को मिलेगी, साथ ही डेवलपर्स नए टाउनशिप और इंटीग्रेटेड प्रोजेक्ट्स लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं.
अंसल हाउसिंग के डायरेक्टर कुशाग्र अंसल ने कहा, दिल्ली से देहरादून की दूरी कम होने का सीधा असर सेकेंड होम और वीकेंड हाउसिंग सेगमेंट पर पड़ेगा. लोग अब शांत और प्राकृतिक वातावरण वाले इलाकों में निवेश करना पसंद करेंगे. इससे न केवल रियल एस्टेट बल्कि हॉस्पिटैलिटी और रिटेल सेक्टर को भी बड़ा बूस्ट मिलेगा.
कुल मिलाकर, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे सिर्फ एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि एक ऐसा इंजन है जो रियल एस्टेट, टूरिज्म, लॉजिस्टिक्स और रोजगार के कई क्षेत्रों को एक साथ गति देने वाला है. आने वाले वर्षों में यह कॉरिडोर उत्तर भारत के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल हो सकता है.