प्रयागराज के जाने माने न्यूरो सर्जन डॉ कार्तिकेय शर्मा पर FIR, बैड टच का आरोप
Last Updated:
Prayagraj News: प्रयागराज के जाने माने न्यूरो सर्जन डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. डॉक्टर पर उनकी महिला मरीज ने मेडिकल चेकअप के नाम पर छेड़छाड़ और बैड टच का आरोप लगाया है. हालांकि, डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा ने आरोपों को झूठा बताया है.
प्रयागराज के न्यूरो सर्जन डॉ कार्तिकेय शर्मा पर FIR दर्ज
प्रयागराज. प्रयागराज के जाने माने न्यूरो सर्जन डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा पर एक युवती ने छेड़छाड़ का बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाया है. युवती का आरोप है कि डॉक्टर ने मेडिकल चेकअप के बहाने पहले कपड़े उतरवाये और फिर बैड टच किया. इसके लिए उन्होंने चैंबर से सारे पेशेंट को पहले बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया.
युवती के मुताबिक बुधवार को वह उनके क्लीनिक पर माइग्रेन के इलाज के लिए गई थी. जहां पर उसके साथ छेड़छाड़ की गई. मामला महिला सुरक्षा और हाई प्रोफाइल डॉक्टर से जुड़े होने के चलते पुलिस ने युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के सिटी जोन की सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 74,76 और 127(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
1 अप्रैल की है घटना
धूमनगंज थाना क्षेत्र के भोला का पुरवा सुलेम सराय की रहने वाली 20 वर्षीय पीड़िता बुधवार 1 अप्रैल को रात 10:00 बजे अपने भाई के साथ डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा के आवास पर दिखाने गई थी. उसके सिर में माइग्रेन का दर्द रहता था. उसे डॉ कार्तिकेय शर्मा के यहां 74 नंबर दिखाने के लिए मिला था. पीड़िता का कहना है कि उसका भाई किसी काम से घर चला गया था, जबकि वहां पर दूसरे बहुत से मरीज डॉक्टर के केबिन में मौजूद थे. पीड़िता का आरोप है कि जब उसका नंबर आया तो डॉक्टर ने केबिन के अंदर मौजूद सारे मरीजों को बाहर कर दिया. जब वह केबिन में अकेले रह गई तो डॉक्टर ने दरवाजे बंद कर लिए और ऊपर वाले कपड़े उतरवा दिए और छेड़खानी की. यह भी आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने नीचे के कपड़े भी खोलने को बोला और प्रयास भी किया.
क्या है पीड़िता का आरोप?
पीड़िता का आरोप है कि जब तक मैंने ऊपर वाले कपड़े सही नहीं कर लिए तब तक डॉक्टर ने दरवाजा नहीं खोला. जब मैंने कपड़े सही कर लिये तो डॉक्टर ने दरवाजा खोला और कहा अगली बार आना तो तुम्हें अकेले में चेक करूंगा. इस घटना के बाद कुछ युवक बुधवार रात को ही डॉक्टर के घर पर पहुंचे थे और वहां पर जमकर हंगामा भी हुआ था. फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर युवती के आरोपों की जांच कर रही है.
डॉक्टर ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं इस मामले में सामने आए आरोपी डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा ने भी अपनी सफाई पेश की है. उन्होंने युवती द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों को झूठा बताया है. उन्होंने कहा है कि युवती पिछले 3-4 महीने से उनके पास इलाज के लिए आ रही थी. उन्होंने कहा कि जनवरी में वह भर्ती हुई थी और मनोचिकित्सक सौरव टंडन द्वारा भी इसका इलाज किया गया था. उन्होंने कहा कि युवती का बिहेवियर एग्रेसिव है. उन्होंने उसे मानसिक रूप से भी कुछ कमजोर बताया. उन्होंने कहा कि युवती कई बार डिप्रेशन में भी चली जाती है. उन्होंने कहा कि सिर्फ एक डेढ़ मिनट तक मेडिकल चेकअप किया गया है.
डॉक्टर को मिल रही धमकी
हालांकि, डॉक्टर ने कहा कि उनके चेंबर में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है, लेकिन चेंबर के बाहर की सीसीटीवी कैमरे को चेक कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह लड़की मनोरोगी है. उनके मरीज देखने के बाद 15-20 लड़के मेरे गेट पर आए थे, जिन्होंने लड़की के साथ रेप करने का भी मुझ पर आरोप लगाया. डॉ कार्तिकेय शर्मा का कहना है कि मैंने युवकों से माफी भी मांगी. डॉक्टर ने कहा कि उन्हें चरित्र हनन की भी फोन पर धमकी दी जा रही है. डॉक्टर ने यह भी कहा कि मेरे शुभचिंतकों का यह भी कहना है कि कुछ रूपयों के लिए इस तरह की साजिश रची गई है. डॉ कार्तिकेय शर्मा ने इस मामले में पुलिस से भी निष्पक्ष जांच की मांग की है. गौरतलब है कि डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा का करीब दो दशक पहले 5 करोड़ की रंगदारी के लिए अपहरण भी हो चुका है. हालांकि, बाद में बदहवास हालत में डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा पाए गए थे.
About the Author

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें