बाग नहीं तो क्या हुआ, अब छत-बालकनी में उगाएं आम का पेड़, घर बैठे खाएं मीठे फल
Last Updated:
Aam ka Ped Ghar Mein Kaise Ugaye/ Balcony Mei Aam Ka Ped: अब से कुछ ही हफ्तों में गर्मी के मौसम की दस्तक हो जाएगी और इसके साथ ही शुरू होगा रसीले आम (Mango) का इंतजार. आम को फलों का राजा कहा जाता है और पूरे देश में इसे बेहद चाव से खाया जाता है, लेकिन कई लोग आम के पेड़ को घर में नहीं उगा सकते, लेकिन अब ऐसी दिक्कतें शायद आपको नहीं आएगी. अगर आपको आम खाना पसंद है और सोचते हैं कि इसके लिए बड़ा बाग चाहिए तो अब ऐसा बिल्कुल नहीं है. थोड़ी सी जगह में भी आप आम का पौधा आसानी से उगा सकते हैं. बस सही गमला, अच्छी मिट्टी और थोड़ी देखभाल की जरूरत होती है. किचन गार्डन का चलन बढ़ने के साथ अब लोग अपने घर में ही ताजे आम का मजा ले रहे हैं. यहां जानिए आसान तरीका.
अगर आप सोच रहे हैं कि आम उगाने के लिए बड़ा बाग चाहिए तो ये सोच बदल लीजिए. अब छोटे गमले में भी आम का पौधा आसानी से लगाया जा सकता है. शुरुआत में सबसे जरूरी है सही प्लानिंग. गमला मजबूत हो, मिट्टी अच्छी हो और जगह ऐसी हो, जहां धूप आए. थोड़ी मेहनत और सही जानकारी के साथ आपका किचन गार्डन भी आम से भर सकता है.

घर पर आम उगाने के लिए बौनी किस्म का पौधा सबसे सही रहता है. ये ज्यादा जगह नहीं लेता और गमले में भी अच्छी ग्रोथ देता. कोशिश करें कि नर्सरी से ग्राफ्टेड पौधा ही खरीदें क्योंकि इससे जल्दी फल मिलते हैं. बीज से पौधा उगाने में सालों लग जाते हैं. सही पौधा चुनते ही आपकी मेहनत आधी सफल हो जाती है.

आम का पौधा लगाने के लिए बड़ा और गहरा गमला चुनें ताकि जड़ों को फैलने की जगह मिले. मिट्टी तैयार करते समय उसमें गोबर की खाद, रेत और सामान्य मिट्टी मिलाएं. इससे मिट्टी हल्की और उपजाऊ बनती है. गमले में नीचे छेद जरूर होना चाहिए ताकि पानी जमा न हो. सही मिट्टी और गमला पौधे की ग्रोथ को तेज कर देते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आम का पौधा धूप का बहुत शौकीन होता है. अगर आप इसे छत या बालकनी में रख रहे हैं तो ध्यान रखें कि रोजाना 6 से 7 घंटे धूप जरूर मिले. बिना धूप के पौधा कमजोर रह जाता है और फल भी नहीं देता इसलिए ऐसी जगह चुनें जहां भरपूर रोशनी आए. सही धूप मिलने से पौधा तेजी से बढ़ता है और मजबूत बनता है.

कई लोग पौधों को ज्यादा पानी देकर नुकसान कर देते हैं. आम के पौधे में भी यही गलती भारी पड़ सकती है. जब मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें… ज्यादा पानी से जड़ें सड़ सकती हैं और पौधा खराब हो सकता है. साथ ही गमले में पानी जमा न होने दें. संतुलित पानी ही पौधे को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखता है.

अगर आप चाहते हैं कि आपका आम का पौधा तेजी से बढ़े तो समय-समय पर खाद देना जरूरी है. हर 15 से 20 दिन में जैविक खाद डालें. इससे पौधे को जरूरी पोषण मिलता है. गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट सबसे बेहतर विकल्प होते हैं. नियमित खाद देने से पौधा हरा-भरा रहता है और जल्दी फल देने की स्थिति में आता है.

पौधों में कीड़े लगना आम बात है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है. आम के पौधे में अगर कीड़े दिखें तो नीम का पानी या ऑर्गेनिक स्प्रे का इस्तेमाल करें ये तरीका सुरक्षित भी है और असरदार भी… लेकिन केमिकल दवाइयों से बचें क्योंकि इससे पौधा कमजोर हो सकता है. देसी उपाय अपनाकर आप अपने पौधे को आसानी से बचा सकते हैं.

अगर आपने सही तरीके से देखभाल की है तो 2 से 3 साल में आपका आम का पौधा फल देना शुरू कर देता है. खासकर ग्राफ्टेड पौधों में जल्दी आम आते हैं… शुरुआत में थोड़े फल लगेंगे, लेकिन धीरे-धीरे संख्या बढ़ती जाती है. अपने घर का उगाया आम खाने का मजा ही अलग होता है. बस थोड़ा धैर्य रखें और पौधे का ध्यान रखें.