बालकनी से गार्डन तक… सर्दियों में उगाएं ये आसान और खूबसूरत पौधे, जानिए टिप्स
Last Updated:
वैसे सर्दी का मौसम फल, फूल, पेड़-पौधे लगाने का सबसे उपयुक्त समय माना जाता है. इस मौसम में आप अपने घर के गमले या गार्डन में कई तरह के रंग-बिरंगे फूल भी उगा सकते हैं. ये न केवल आपके घर और गार्डन की शोभा बढ़ाएंगे, बल्कि घर के वातावरण को भी शुद्ध करेंगे.
सर्दियों के सीजन में घर को सुंदर और वातावरण को शुद्ध बनाने के लिए रंग-बिरंगे फूलों के पौधे लगाए जा सकते हैं. खासतौर पर सर्दियों में खिलने वाले ये पौधे बालकनी, गार्डन या घर की छत पर आसानी से उगाए जा सकते हैं. इन्हें लगाने और इनकी देखभाल करने में अधिक मेहनत की आवश्यकता नहीं होती. अपनी रंग-बिरंगी खूबसूरती और मनमोहक खुशबू से ये फूल आपके घर और गार्डन की शोभा बढ़ा देंगे.

जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार का कहना है कि ठंड के समय में हमारे देश में बहुत से ऐसे फूल हैं जिनकी खेती बड़े पैमाने पर की जाती है. साथ ही, कुछ ऐसे फूल भी हैं जिन्हें सर्दियों के मौसम में घर के गमलों, बालकनी या गार्डन में आसानी से लगाया जा सकता है, जो घर की खूबसूरती को बढ़ाते हैं. इनमें कैलेंडुला, गुलदाउदी, गेंदा, पेटूनिया, चमेली आदि फूलों के पौधे शामिल हैं, जो कम समय में तैयार हो जाते हैं और लंबे समय तक फूल देते रहते हैं.

कैलेंडुला फूल का पौधा हल्के पीले और नारंगी रंग में खिलने वाला पौधा है, जो खासतौर पर सर्दियों में खिलता है. यह तेजी से बढ़ने वाला पौधा है और इसे लगाने के 40 से 50 दिन बाद इसमें फूल खिलने लगते हैं. इस पौधे को किसी भी गमले, कंटेनर, क्यारी या रॉक गार्डन में लगाया जा सकता है. इसे पूरी तरह धूप की आवश्यकता होती है, लेकिन यह हल्की धूप वाली छायादार जगहों पर भी अच्छी तरह बढ़ सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गुलदाउदी का पौधा सर्दियों में खूब खिलने वाला रंग-बिरंगा फूल है. इसके कई रंग होते हैं जैसे सफेद, पीला, गुलाबी और बैंगनी। इसे ठंडी धूप और हल्की मिट्टी पसंद होती है. अगर रोज़ हल्का पानी दिया जाए तो यह कई हफ्तों तक खिलता रहता है.

गेंदा का पौधा गमले में भी आसानी से लगाया जा सकता है. यह सर्दियों के मौसम में सबसे अधिक लगाया जाने वाला पौधा है. इसके पीले, नारंगी और मैरून रंग के फूल घर के माहौल को खुशनुमा बनाते हैं. इसे धूप और पानी की जरूरत होती है. पौधा लगाने के बाद समय-समय पर छंटाई करने से नए फूल तेजी से निकलते हैं.

चमेली का पौधा सफेद छोटे-छोटे फूलों और उनकी मनमोहक खुशबू के कारण घर के हर कोने को आकर्षक बना देता है. इसे ज़्यादा देखभाल की आवश्यकता नहीं होती. हल्की धूप और थोड़ा पानी ही इसकी तेजी से बढ़ने के लिए पर्याप्त है. इसे गमले में लगाकर बालकनी में भी रखा जा सकता है.

पेटुनिया का पौधा गुलाबी, बैंगनी, सफेद और लाल रंगों में खिलने वाला होता है. यह ठंड में तेजी से बढ़ता है. इसे हैंगिंग पॉट्स में लगाने पर बालकनी की सजावट और भी सुंदर दिखती है.