यूपी के इस गांव में कभी नहीं हुआ प्रधानी का चुनाव, सर्वसम्मति से चुनते रहे हैं लीडर, इस बार क्यों चाहते हैं इलेक्शन, जानें
Last Updated:
Amroha news : लोगों का भरोसा टूट चुका है. सर्वसम्मति से चुने गए ग्राम प्रधान से वे खासे नाराज दिखते हैं. अब वे पीढ़ियों पुरानी परंपरा आगे ले जाने के इच्छुक नहीं. पूछने पर शिकायतों का अंबार लगा देते हैं. आखिर ऐसा क्या हुआ कि इस गांव के लोग अपनी यूनिक पहचान से पिंड छुड़ना चाहते हैं. यही जानने लोकल 18 अमरोहा के चक पायती उर्फ गौसपुर गांव पहुंचा.
अमरोहा. यूपी के अमरोहा जनपद के चक पायती उर्फ गौसपुर गांव में आज तक ग्राम प्रधान के चुनाव नहीं हुए हैं. गांव के लोगों की सहमति से ही ग्राम प्रधान चुन लिया जाता रहा है. जो एक अनोखी परंपरा है. लेकिन लोगों का भरोसा इस रवायत से उठ चुका है. उनकी शिकायत है कि सर्वसम्मति से चुने गए प्रधान की ओर से कोई विकास नहीं किया जाता है, जिससे गांव के लोग परेशान हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इतने साल हो गए, गांव के लोगों की सहमति से ही प्रधान बनाया जाता है. यहां पर कभी चुनाव नहीं हुआ. गांव के लोग विकास की मांग कर रहे हैं. स्थानीय निवासी मास्टर फहीम, मोहम्मद अनीश और मोहम्मद शहजाद बताते हैं कि हमारे गांव में प्रधान के लिए कभी कोई चुनाव नहीं हुआ है. गांव के लोग आपस में मीटिंग कर सहमति बना लेते हैं. संभ्रांत लोगों के बीच बैठकर अपना ग्राम प्रधान चुन लेते हैं. वही हमारा प्रधान 5 साल तक रहता है.
सबसे बड़ी समस्या
समस्या ये है कि सर्वसम्मति से चुना गया प्रधान गांव में विकास ही नहीं कराता है. इसकी वजह से गांव पिछड़ता जा रहा है. गांव के कुछ लोगों का कहना है कि इस बार ग्राम प्रधान सर्वसम्मति नहीं बल्कि वोटिंग के जरिए चुना जाना चाहिए, ताकि वो गांव में विकास करे. गांव में विकास की बात की जाए तो यहां पर सड़क खराब है. बारिश में पानी भर जाता है. नालियां चोक रहती हैं. गंदगी रहती है. कई और भी ऐसी जन समस्याएं हैं, जिससे लोग पीड़ित हैं.
इस बार संशय
गांव के लोगों का कहना है कि इस गांव में करीब 1500 से 1600 वोटर्स हैं. इसमें एक-दो घर छोड़कर बाकी सभी मुस्लिम वोटर हैं. मुस्लिम वोटर में भी तुर्क बिरादरी भी है. सभी बिरादरी आपस में मिलकर सर्वसम्मति से ग्राम प्रधान चुनती है. लेकिन इस बार सर्वसम्मति से ग्राम प्रधान चुनने पर संशय है. गांव के लोगों का कहना है कि इस समस्या पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए और चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कदम उठाना चाहिए. इससे गांव के लोगों को अपने प्रतिनिधि चुनने का मौका मिलेगा और गांव का विकास होगा.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें