यूपी के मौसम में होने वाला है बड़ा बदलाव, इस दिन से पड़ने वाली है भयंकर ठंड, जानें IMD का ताजा अपडेट
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया. सुबह और रात के साथ अब दिन के समय में भी हवाएं ठंड का अहसास करा रही हैं. कई जिलों में तो रात के समय रजाई-कंबल तक का सहारा लोगों को लेना पड़ रहा है. मौसम विभाग यानी आईएमडी का अनुमान है कि 15 नवंबर के बाद यूपी के तमाम जिलो में न्यूनतम और अधिकतम पारा और लुढ़क सकता है. ऐसे में फिर कड़ाके के ठंड की शुरुआत भी हो सकती है. लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार 9 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन दोनों ही संभाग के अलग-अलग जिलों में सुबह या देर रात के समय छिछला से मध्यम कोहरा दिखाई दें सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम में कोई खास उलटफेर नहीं नजर आएगा. बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 5 दिनों तक यूपी के अलग-अलग जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
लखनऊ में दिखेगा हल्का कोहरा
रविवार को यूपी के राजधानी लखनऊ में सुबह और रात के समय हल्का कोहरा नजर आ सकता है. वहीं दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा. अनुमान है अगले 5 दिनों तक यहां मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा. रविवार को यहां अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
वहीं रविवार की सुबह नोएडा के लोगों को ठंड ज्यादा सताएगी.यहां सुबह के समय कोहरा भी दिखेगा और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है. वहीं गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है. इसके अलावा मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, सहारनपुर, बरेली, रामपुर, कानपुर, आगरा, मथुरा, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, मुरादाबाद, अलीगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आजमगढ़, गाजीपुर, बस्ती, रायबरेली, अमेठी सहित यूपी के अन्य जिलों में भी आज दिन और रात के समय लोगों को ठंड का अहसास होगा.