यूपी में आज करवट लेगा मौसम, इन जिलों में होगी गरज-चमक के साथ बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
UP Weather Live: उत्तर प्रदेश में काले बादलों ने डेरा डाल रखा है. कोहरे के साथ बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मौसम ने अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि 3 फरवरी को यूपी के दोनों ही संभाग के 25 जिलों में कहीं कम तो कहीं मध्यम बारिश होगी. इस दौरान तेज झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी. अगले 24 घंटे तक यह दौर बना रहेगा. उसके बाद फिर कोहरे की सफेद चादर छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अचानक अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक,मंगलवार ( 3 फरवरी) को पश्चिमी यूपी के साथ पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. इस दौरान कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चलेगी. मौसम विभाग ने इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं 4 फरवरी को यूपी के दोनों ही संभाग में कोहरे की सफेद चादर भी नजर आएगी. इस दौरान 100 से 500 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा छाए रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग का अनुमान है मंगलवार को झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली, बलिया, मऊ और आजमगढ़ में काले बादलों की आवाजाही दिखेगी. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है.
वहीं मंगलवार को गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, अंबेडकर नगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, उन्नाव, कानपुर, जालौन, औरया, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज में कोहरा नजर आएगा. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है. वहीं मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, हापुड़, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती में मौसम सामान्य होगा.
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आसमान में थोड़े बादल छाए रहेंगे.अनुमान है आज यहां न्यूनतम तापमान 12 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं अगले 24 घंटे बाद यहां तापमान में थोड़ी कमी आएगी. बात दिल्ली से सटे नोएडा की करे तो आज वहां मौसम सामान्य होगा. हालांकि सुबह के समय यहां हल्का कोहरा भी नजर आएगा. अनुमान है नोएडा में आज न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस होगा.
तापमान में आएगी कमी
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की अगले 24 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी. अनुमान है न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़केगा जबकि अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की अचानक कमी आएगी.इसके साथ ही 5 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करेगा.