यूपी में आज बदलेगा मौसम, लखनऊ से नोएडा तक गरज चमक के साथ होगी बारिश, IMD का अलर्ट जारी

0
यूपी में आज बदलेगा मौसम, लखनऊ से नोएडा तक गरज चमक के साथ होगी बारिश, IMD का अलर्ट जारी


UP Weather Live: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का यूटर्न देखने को मिलेगा. बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली के साथ कई जिलों में ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. बारिश का दौर आगे भी यूपी के अलग-अलग शहरों में देखने को मिलेगा. बारिश के कारण अगले 24 घंटों में तापमान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. अनुमान है कि  अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी. उसके बाद फिर उसमें उछाल आएगा. लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक 23 जनवरी को पश्चिमी यूपी के 20 जिलों में काले बादल छाए रहेंगे. इस दौरान गरज चमक के साथ बारिश और तेज झोकेदार हवाएं भी चलेंगी. इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं पूर्वी यूपी के भी कई जिलों में इसका असर दिखाई देगा.

इन जिलों में आज होगी बूंदाबांदी
अनुमान है कि शुक्रवार (23 जनवरी) को यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, आगरा, संभल, रामपुर, बदायूं, बरेली, फिरोजाबाद, हाथरस में 30 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. यहां बारिश को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है. वही मेरठ, हापुड़, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, कानपुर, कन्नौज, इटावा, सीतापुर में भी हल्की बूंदाबांदी होगी.

लखनऊ-नोएडा-गाजियाबाद में भी मौसम का यूटर्न
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को आसमान में काले बादल छाएं रहेंगे. इस दौरान बारिश और तेज हवाओं का दौर भी देखा जाएगा. आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 13 और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं अगले 24 घंटे में यहां तापमान में गिरावट आएगी. उधर,दिल्ली से सटे नोएडा में भी आज बूंदाबांदी हो सकती है. गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहेगा. अनुमान है आज यहां न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम  21 डिग्री सेल्सियस होगा.

आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ 
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की 26 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा.इस नए पश्चिमी विक्षोभ के बाद फिर प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलेगा. इसके साथ ही यहां कई जगहों पर फिर काले बादलों की परेड भी नजर आएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों