यूपी में कोहरे का कहर….नोएडा से लेकर अलीगढ़ तक दर्जनों गाड़ियां टकराई, कई घायल
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे ने सड़क हादसों की संख्या बढ़ा दी है. ग्रेटर नोएडा से लेकर उन्नाव, अमरोहा, बुलंदशहर और अलीगढ़ तक अलग-अलग इलाकों में भीषण दुर्घटनाएं सामने आई हैं. घने कोहरे के कारण कई जगहों पर हाईवे पर वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं. यह हादसे विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण हुए.
ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर 12 वाहन टकराए
ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर घने कोहरे के कारण करीब 12 वाहन एक-के-बाद-एक आपस में टकरा गए. हादसा बंबावड़-बादलपुर थाना क्षेत्र में हुआ. दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार और ट्रक एक-दूसरे से टकराए नजर आ रहे हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.
अलीगढ़ में बाइक और कार की टक्कर
वहीं अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र के गांव रिगसपुरी में कोहरे के चलते बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
अमरोहा में आधा दर्जन गाड़ियां टकराई
अमरोहा में नेशनल हाईवे-9 पर गजरौला कोतवाली क्षेत्र के शाहबाजपुर डोर गांव के पास कोहरे के कारण आधा दर्जन गाड़ियां आपस में टकरा गईं. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया.
बुलंदशहर में आधा दर्जन वाहन टकराए
बुलंदशहर के थाना अरनिया क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर घने कोहरे में करीब आधा दर्जन वाहन टकरा गए. हादसे में 10 यात्री घायल हो गए. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया.
उन्नाव में डंपर और ऑटो की भीषण टक्कर
उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के मकूर गांव के पास डंपर और ऑटो की भीषण टक्कर हो गई. हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, गति कम रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें.