रेल बजट से बदलेगा डीडीयू रेल मंडल, 15 स्टेशनों का होगा कायाकल्प, ये सुविधाएं होंगी विकसित
चंदौली. पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल में चल रही रेल परियोजनाओं और केंद्रीय बजट 2026-27 में किए गए प्रावधानों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीडिया को जानकारी दी गई. इस दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रेल नेटवर्क के विकास पर तेजी से काम हो रहा है और बजट के जरिए इसे और मजबूती प्रदान की गई है.
रेल मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारतीय रेल को ₹2,78,000 करोड़ का ऐतिहासिक बजट आवंटित किया गया है. यह अब तक का सबसे बड़ा रेल बजट है, जिससे सुरक्षा, आधुनिकीकरण, ट्रैक नवीनीकरण, सिग्नलिंग और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को ₹20,012 करोड़ का रिकॉर्ड बजट मिला है, जो कांग्रेस शासनकाल की तुलना में करीब 12 गुना अधिक है.
उत्तर प्रदेश में चल रही बड़ी रेल परियोजनाएं
अश्वनी वैष्णव ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में लगभग ₹92 हजार करोड़ की रेल परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं. प्रदेश में रेल ट्रैक का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है, जिससे ऊर्जा की बचत के साथ यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा.
दो नई बुलेट ट्रेन परियोजनाओं का प्रावधान
रेल मंत्री ने बताया कि दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी के बीच दो नई बुलेट ट्रेन परियोजनाओं का प्रावधान किया गया है. इन हाईस्पीड ट्रेनों से आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा. वाराणसी–सिलीगुड़ी हाईस्पीड कॉरिडोर डीडीयू जंक्शन से होकर गुजरेगा, जिससे पूर्वी भारत की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि बिहार के लिए ₹10,389 करोड़ और झारखंड के लिए ₹7,536 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है. इससे इन राज्यों में भी रेल अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा.
अमृत भारत स्टेशन योजना से बदलेगा स्वरूप
डीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के 15 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों को गति दी जाएगी. गया जंक्शन का बड़े पैमाने पर पुनर्विकास होगा. इसके अलावा चंदौली मझवार, दुर्गावती, कुदरा, भभुआ, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, रफीगंज, गुरारू, बिक्रमगंज, पीरो, नबी नगर, जपला, मोहम्मदगंज और हैदर नगर स्टेशनों पर विकास कार्य किए जाएंगे.
आधुनिक तकनीक और सुरक्षा पर जोर
डीआरएम ने कहा कि मंडल में आधुनिक सिग्नलिंग, ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग, टक्कर रोधी कवच सिस्टम, ट्रैक सुदृढ़ीकरण और क्षमता वृद्धि के कार्य किए जाएंगे. बजट से डीडीयू मंडल को उन्नत रेल प्रणाली और बेहतर यात्री सुविधाओं की दिशा में आगे बढ़ने में बड़ी मदद मिलेगी. प्रेस वार्ता में एडीआरएम दिलीप कुमार, वरीय मंडल अभियंता सूरज कुमार, डीसीएम विश्वनाथ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.