सावधान! यूपी में पड़ने वाली है हाड़ कंपा देने वाली ठंड, IMD ने जारी की बड़ी चेतावनी, लखनऊ से लेकर नोएडा तक ऐसा रहेगा मौसम
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा नजर आ रहा है. कोहरे के साथ धूप की तपिश भी अब गुनगुनी हो गई है. इस बीच भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने फिर बड़ी भविष्यवाणी की है. मौसम विभाग की ओर से की गई भविष्यवाणी के मुताबिक, यूपी में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का सकता है. तापमान में गिरावट आने पर यूपी में शीतलहर का असर भी देखने को मिलेगा.
यूपी के राजधानी लखनऊ में अब धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है. तापमान में गिरावट का दौर जारी है और सुबह के समय लखनऊ में कोहरा भी नजर आ रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा.अगले 24 घंटे बाद इसमें थोड़ी और गिरावट आ सकती है. वहीं बात नोएडा की करें तो आज वहां भी सुबह सवेरे की शुरुआत हल्के कोहरे से ही होगी. हालांकि शाम को बाहर निकलने वालों को ठंड से बचने के लिए पूरी तैयारी रखनी होगी. अनुमान है कि आज नोएडा में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.
3 दिन में लुढ़केगा पारा
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में फिलहाल कोई मौसम प्रणाली एक्टिव नहीं है. इस समय उत्तर पश्चिम हवाएं चल रही हैं. अनुमान है कि अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी. इतनी ही गिरावट न्यूनतम तापमान में भी देखी जा सकती है. लुढ़कते तापमान से यूपी के अलग अलग शहरों में ठंड बढ़ेगी.