होली खेलने सैफई पहुंचे अखिलेश यादव, कहा- युद्ध के बीच शालीनता से मनाएं त्योहार

0
होली खेलने सैफई पहुंचे अखिलेश यादव, कहा- युद्ध के बीच शालीनता से मनाएं त्योहार


Last Updated:

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव मंगलवार को होली मनाने अपने पैतृक गांव सैफई पहुंचे. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मिडिल ईस्ट में जंग का माहौल है, करोड़ों भारतीय वहां फंसे हैं. ऐसे में सभी लोग शालीनता के साथ होली का त्योहार मनाएं.

Zoom

होली मनाने सैफई पहुंचे अखिलेश यादव

इटावा. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देशवासियों से रंगों का पर्व होली सादगी और शालीनता के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण करोड़ों भारतीय प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से प्रभावित हैं. अनेक परिवार अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. ऐसे समय में उत्सव मनाते हुए संवेदनशीलता और संयम जरूरी है.

मंगलवार को अपने पैतृक गांव सैफई पहुंचे सपा प्रमुख ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात चिंताजनक हैं. बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक खाड़ी देशों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं. युद्ध जैसी स्थिति में वहां रह रहे भारतीयों और उनके परिवारों की चिंता स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और प्रेम का संदेश देता है, इसलिए इसे मर्यादा और गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए. चंद्र ग्रहण के कारण सपा प्रमुख मंगलवार को निर्धारित समय पर मंच पर नहीं पहुंचे. हालांकि, उन्होंने पार्टी कार्यालय के भीतर मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को होली की शुभकामनाएं दीं.

आज होगी फूलों की होली

समाजवादी संस्कृति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष काशीनाथ यादव के नेतृत्व में आए रंगमंचीय कलाकारों ने उनके समक्ष फाग और पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत किए. कलाकारों की प्रस्तुतियों से पार्टी कार्यालय का वातावरण उत्सवी बना रहा. समाजवादी पार्टी की सैफई ब्लॉक के अध्यक्ष संतोष शाक्य ने बताया कि मंगलवार को चंद्र ग्रहण के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव होली महोत्सव कार्यक्रम को आयोजित नहीं करवा रहे हैं. बुधवार को सैफई के समाजवादी पार्टी कार्यालय होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा. होली महोत्सव फूलों के साथ खेला जायेगा. होली महोत्सव के सिलसिले में तैयारियां बड़े पैमाने पर पूरी कर ली गई है.

तीन दशक से खेली जा रही होली

सैफई की होली पिछले करीब तीन दशकों से अपनी अलग पहचान रखती है. एक समय कपड़ा फाड़ होली को लेकर यह आयोजन चर्चा में रहता था, लेकिन विवाद बढ़ने पर इसके स्वरूप में बदलाव किया गया. अखिलेश यादव ने परंपरा को बदलते हुए फूलों की होली की शुरुआत कराई. इसके बाद से सैफई में सौहार्दपूर्ण वातावरण में फूलों से होली खेलने की परंपरा स्थापित हो गई. आज सैफई की फूलों की होली प्रदेश ही नहीं, देशभर में चर्चित है. फूलों की होली में मुलायम परिवार के राजनीतिक और गैर राजनीतिक सदस्य एक साथ शामिल होते हैं. मंच पर परिवार के वरिष्ठ सदस्य कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ फूलों की वर्षा के बीच होली खेलते हैं. साथ ही फाग गायन की परंपरा भी बड़े पैमाने पर निभाई जाती है. प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फाग गायक ढोलक, मंजीरा और हारमोनियम की संगत पर पारंपरिक फाग प्रस्तुत करते हैं.

होली की तैयारी पूरी

होली पर्व को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यालय परिसर में विशाल मंच तैयार किया गया है. मंच के पीछे होली की शुभकामनाओं वाले पोस्टर लगाए गए हैं. परिसर को सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रदेश के विभिन्न जिलों से सपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सैफई पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है.

About the Author

authorimg

Amit Tiwariवरिष्ठ संवाददाता

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *