आजादी के 78 साल बाद भी UP के इस शहर में नहीं पहुंचा पानी, हजारों लोगों ने पूछा- साहब कब तक करें इंतजार
चंदौली: आज के समय में लोग चांद पर जाने की बात कर रहे हैं. मगर, वहीं कुछ ऐसे गांव और शहर हैं जहां बुनियादी सुविधाएं तक नहीं पहुंच पा रही हैं. हम बात कर रहे हैं यूपी के चंदौली जिले की. यहां के मुगलसराय के अलीनगर के हजारों घरों में आजादी के 78 सालों बाद भी पानी नहीं पहुंचा है. ऐसा नहीं है कि यहां पानी पहुंचाने के लिए कुछ किया नहीं जा रहा. काम तो हो रहा है पर आधा अधूरा. पानी के लिए कई किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई गई है. पंप हाउस और चहारदीवारी का निर्माण तक पूरा कर लिया गया. साथ ही ओवरहेड टैंक का निर्माण 70 प्रतिशत पूरा हो गया, लेकिन पानी की टंकी अधूरी होने के कारण टयूबवेल से घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है.
अलीनगर के रहने वाले प्रेमा सिंह ने लोकल 18 से बातचीत की. उन्होंने बताया कि यहां न पानी है, न नाली है, न सड़क है, लेकिन फिर भी नगर पालिका के लोग दौड़कर आते है सिर्फ टैक्स लेने के लिए. पानी के लिए हम लोगों ने सबमर्सिबल लगवाए. इससे काफी पैसों का नुकसान हुआ. अगर आज हमें पानी की सुविधा मिल रही होती तो हम लोग इतना पैसा क्यों ही लगाते. नगर पालिका से मांग करते हुए कहा कि जब सबकुछ व्यवस्था हो जाए, तब हमलोगों से टैक्स वसूला जाए.
कमला देवी ने बताया कि वह बहुत दिनों से यहां रह रही हैं, लेकिन आज तक पानी यहां नहीं आया. शुरू से ही चापाकल से काम चलाते है. उसी से नहाना, खाना-पीना सबकुछ करते है. जब चापाकल का पानी छोड़ देता है, तो इतना पैसा नहीं है कि बार-बार इसको बनवाया जाए. इधर पानी के साथ नाली की भी व्यवस्था नहीं है. गर्मी के दिन में तो पानी के लिए और दिक्कत होती है. चापाकल पानी छोड़ देता है. हमलोग दो-तीन दिन में एक बार नहाते हैं. सभासद से अपील करते हुए कहा कि जल्द से जल्द यहां पानी की व्यवस्था कराएं. वोट लेने के समय तो सब लोग पैर पकड़ते है. फिर सभी वादे भूल जाते है.
रोज लाना होता है चार बाल्टी पानी
अलीनगर निवासी गुलैची देवी ने कहा कि पानी को लेकर हमलोगों को बहुत दिक्कत है. हमलोगों को नहाने और पीने के लिए पानी की बहुत किल्लत होती है. हमलोग बहुत गरीब लोग है. किसी के हैंडपंप से पानी लेने जाते है तो वो कभी-कभी गाली भी दे देता है. इतना ही नहीं कभी तो बर्तन भी फेंक दिया जाता है. मगर, बर्दाश्त करके हमलोग रह लेते है, क्योंकि रोज चार बाल्टी पानी लाना होता है. उसी से पूरा काम होता है. गर्मी में भी उसी से काम चलता है.
अलीनगर के सभासद प्रतिनिधी संजय प्रसाद ने लोकल 18 को बताया कि पिछले कार्यकाल में जो लोग भी रहे उन्हों्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया. मगर, अब हमने इसके बारे में लिखकर बनारस जल निगम के जेई साहब के पास भिजवा दिया. इसके बाद 9 करोड़ का प्रोजेक्ट पास हुआ. इससे घर-घर नल से जल जाएगा और 24 घंटे सभी को पानी मिलेगा. इसमें टंकी का काम हो रहा है, कुछ पाइप लाइन भी बिछा दी गई हैं. कुछ दिन पहले ही हमने जेई से बात की थी कि काम क्यों बंद है, तो उन्होंने बताया कि बजट का कुछ मामला अटका हुआ है, जिसके लिए लखनऊ लेटर भेजा गया है. उनके द्वारा बताया गया कि मार्च 2026 तक पानी सबके घरों तक पहुंच जाएगा.