ई-रिक्शा की लुटेरिन से होशियार, पलक झपकते ही पार कर देंगी बटुआ, रायबरेली में राजस्थान के गिरोह का आतंक
Last Updated:
Rae Bareilly News: लखनऊ में रहकर महिलाओं को आसपास के जिले में एक नाबालिग बच्चा या बच्ची के साथ भेजते हैं. यह महिलाएं शिकार को पहले ढूंढती हैं. फिर उन्हें लूट लेती हैं.
रायबरेली: अगर आप लखनऊ के किसी जिले में रहते हैं और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते हैं तो होशियार हो जाइये. इन जिलों में राजस्थान का एक गिरोह सक्रिय है. ये लखनऊ में रहकर महिलाओं को आसपास के जिले में एक नाबालिग बच्चा या बच्ची के साथ भेजते हैं. यह महिलाएं शिकार को पहले ढूंढती हैं. फिर उस पर निगरानी रखती हैं. इसके बाद जैसे ही वो शख्स किसी पब्लिक वाहन में बैठता है तो वो भी अपने बच्चे के साथ बैठ जाती हैं. चूंकि बच्चा साथ में रहता है इसलिए किसी को शक नहीं होता और यह महिलाएं रास्ते में गड्ढा या ब्रेक लगने की घटना के दौरान बड़ी सफाई के साथ शिकार का पर्स उड़ा देते हैं. ऐसा ही एक मामला जब रायबरेली में सामने आया तो राजस्थान के इस गैंग के बारे में पुलिस को पता चला.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने खुद का नाम लक्ष्मी बताया. उसने कहा कि वह लोग भरतपुर राजस्थान के रहने वाले हैं और लखनऊ में डेरा डालकर अलग-अलग जिलों में इस प्रकार की घटना करते हैं. फिलहाल इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की एक टीम लखनऊ रवाना की जा रही है.
इस मामले में जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी लालगंज प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ई रिक्शा पर सवार होकर महिलाओं से लूट करने वाले गिरोह के तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. इनसे पूछताछ करने पर पता चला कि इनका गिरोह लखनऊ समेत आसपास के जिलों में सक्रिय है. ये सब लखनऊ में ही रहते हैं. इनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है. उन्होंने कहा कि जल्द ही इनके गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया जाएगा. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि आप ई रिक्शा या टैक्सी पर बैठकर यात्रा कर रहे हैं तो अपने सामान का खास ध्यान रखें. यदि कोई संदिग्ध पुरुष, महिला या बच्चा दिखाई देता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें. इससे समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी.