उसकी औकात बताएगी… रंगदार बन रहा था अतीक का बेटा, पुलिस ने कस दिया पेंच
Last Updated:
Atiq Ahmed News: दो दिन पहले अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद करेली इलाके में स्थित एच एस गार्डन में एक शादी समारोह में गया था. समारोह में शिरकत करने के बाद मोहम्मद हमजा की इंस्टाग्राम आईडी हमजा युवा नेता 8205 से धमकी के डायलॉग के साथ रील बना कर वायरल कर दी गई.
प्रयागराजः माफिया अतीक और अशरफ की हत्या के दो साल बाद अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान का दबंगई का अंदाज सामने आया है. माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल भड़काऊ रील को लेकर पुलिस हरकत में आई है. धूमनगंज थाने में तैनात दारोगा आदित्य सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ रील डालने और दहशत फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने बीएनएस की धारा 352, 353 (2) के तहत अबान अहमद, उसके साथी मोहम्मद हमजा व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है.
शादी समारोह में गया था अतीक का बेटा अबान
दरअसल दो दिन पहले अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद करेली इलाके में स्थित एच एस गार्डन में एक शादी समारोह में गया था. समारोह में शिरकत करने के बाद मोहम्मद हमजा की इंस्टाग्राम आईडी हमजा युवा नेता 8205 से धमकी के डायलॉग के साथ रील बना कर वायरल कर दी गई. इस रील के वायरल होते ही हड़कंप मच गया. पुलिस की एफआईआर के मुताबिक वायरल वीडियो में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद के साथ कुछ अन्य लोग दिखाई दे रहे हैं. वायरल वीडियो का मकसद समाज में नफरत फैलाना और भय व्याप्त करना है. जिससे आम जनमानस में भय और अशांति की प्रबल संभावना बनी हुई है. इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बिना सुरक्षा कर्मियों के अबान कैसे काफिला लेकर घूमता रहा. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर एक्शन लिया है.
अबान के वीडियो में धमकी वाला डायलॉग चल रहा
हम आपको बता दें कि 30 सेकंड के वायरल वीडियो में अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद किसी समारोह में नजर आ रहा है. वायरल वीडियो में दबंगई दिखाते हुए बैकग्राउंड में धमकी भरा डायलॉग भी चल रहा है. वायरल वीडियो के बैकग्राउंड में यह डायलॉग चल रहा है, ‘सामने वाले को हमसे क्या मिलेगा, यह उसकी औकात बताएगी. हम दिल भी रखते हैं और असलहा भी. हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते, सामने से दहाड़ते हैं. तूफान और हम जब भी आते हैं. मां कसम फाड़ के जाते हैं, फाड़ के जाते है.’ वायरल वीडियो में अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद कई लोगों के साथ नजर आ रहा है. वीडियो में अबान लोगों के साथ डिनर करते और गाड़ियों के काफिले संग नजर आ रहा है.
अहजम-अबान लवारिस हालत में मिले थे
गौरतलब है कि 24 फरवरी 2023 को हुए उमेश पाल व दो सरकारी गनर हत्याकांड के बाद अहजम और अबान को धूमनगंज पुलिस को कसारी मसारी में लावारिस हालत में मिले थे. पुलिस ने दोनों को राजरूपपुर स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया था. 9 अक्टूबर 2023 को सीडब्ल्यूसी के आदेश पर दोनों भाइयों को बाल सुधार गृह से रिहा किया गया था. दोनों की कस्टडी उनकी बुआ परवीन कुरैशी को सौंप गई थी. दोनों हटवा में अपनी बुआ के घर पर रह रहे थे. पुलिस की ओर से उन्हें सुरक्षा भी मुहैया कराई गई थी.
2023 में अतीक और उसके भाई की हुई थी हत्या
माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई थी. तीसरे नंबर का बेटा असद 13 अप्रैल 2023 को झांसी में एसटीएफ के एनकाउंटर में मारा गया था. जबकि अतीक अहमद का बड़ा बेटा मोहम्मद उमर लखनऊ और दूसरे नंबर का बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है. अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर 50 हजार का इनाम घोषित है और वह फरार है. अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और बहन आयशा नूरी पर भी 25-25 हजार का इनाम है और दोनों फरार हैं.
प्रशान्त राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं. प्रशांत राय पत्रकारिता में पिछले 8 साल से एक्टिव हैं. अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए प्रशांत राय फिलहाल न्यूज18 हिंदी के साथ पिछले तीन …और पढ़ें
प्रशान्त राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं. प्रशांत राय पत्रकारिता में पिछले 8 साल से एक्टिव हैं. अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए प्रशांत राय फिलहाल न्यूज18 हिंदी के साथ पिछले तीन … और पढ़ें