किसानों के लिए खुशखबरी, रोटावेटर-ट्रैक्टर पर मिल रही लाखों की छूट, फटाफट करें बुकिंग
Last Updated:
उत्तर प्रदेश सरकार ने होली से पहले किसानों के लिए कृषि यंत्रों पर भारी अनुदान की घोषणा की है. 24 फरवरी से 4 मार्च तक ऑनलाइन बुकिंग होगी. रोटावेटर, सुपर सीडर, ट्रैक्टर और ऑयल मिल पर लाखों की सब्सिडी सीधे खाते में दी जाएगी. अधिक आवेदन होने पर 6 मार्च को ई-लॉटरी से चयन होगा. योजना का उद्देश्य लागत घटाकर किसानों की आय बढ़ाना और पराली प्रबंधन को बढ़ावा देना है.
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश सरकार ने इस होली किसानों की खुशियों को दोगुना करने के लिए खास योजना के तहत कृषि यंत्रों पर बंपर छूट का तोहफा दिया है. रोटावेटर से लेकर ट्रैक्टर और ऑयल मिल तक पर भारी अनुदान दिया जा रहा है. 24 फरवरी से शुरू हुई यह बुकिंग 4 मार्च तक जारी रहेगी. आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और पराली प्रबंधन को सुगम बनाने के लिए सरकार किसानों को लाखों रुपये की सब्सिडी सीधे उनके खाते में पहुंचा रही है.
उप निदेशक कृषि पुरुषोत्तम कुमार मिश्र ने बताया कि प्रदेश सरकार की इस योजना का मुख्य उद्देश्य खेती की लागत को कम करना और किसानों की आय में बढ़ोतरी करना है. सबमिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन’ के तहत हम रोटावेटर, सुपर सीडर और कम्बाइन हैरो जैसे यंत्रों पर भारी अनुदान दे रहे हैं. इससे न केवल श्रम की बचत होगी, बल्कि आधुनिक मशीनों के प्रयोग से उत्पादकता भी बढ़ेगी. विशेष रूप से पराली प्रबंधन और फसल प्रसंस्करण जैसे मेज ड्रायर और ऑयल मिल के यंत्रों पर जोर दिया जा रहा है ताकि किसान उद्यमी बन सकें. पारदर्शी व्यवस्था के लिए हम ई-लॉटरी का सहारा ले रहे हैं, जिससे पात्र किसानों को सीधा लाभ सुनिश्चित हो सके.
जानें क्या है बुकिंग प्रक्रिया
इच्छुक किसान विभागीय वेबसाइट पर जाकर इन यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया 24 फरवरी से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 4 मार्च निर्धारित की गई है. यह बुकिंग जिला स्तर पर खोली गई है, जिससे स्थानीय किसानों को प्राथमिकता मिल सके. यदि प्राप्त आवेदनों की संख्या निर्धारित लक्ष्य से अधिक होती है, तो 6 मार्च को लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा.
टोकन राशि और सब्सिडी का गणित
योजना को आवेदकों तक पहुंचाने के लिए सरकार ने टोकन राशि का प्रावधान किया है. जिन यंत्रों पर 1 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी है, उनके लिए 5,000 रुपये और 50,000 रुपये से अधिक की सब्सिडी वाले यंत्रों के लिए 2,500 रुपये की टोकन राशि जमा करनी होगी. इससे कम सब्सिडी वाले सभी लघु कृषि यंत्रों की बुकिंग किसान भाई बिल्कुल निःशुल्क कर सकते हैं, जिससे छोटे किसानों पर आर्थिक बोझ न पड़े.
उपलब्ध यंत्र और पराली प्रबंधन
इस योजना में रोटावेटर, कल्टीवेटर और ट्रैक्टर के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए पराली प्रबंधन यंत्रों जैसे सुपर सीडर और एमबी प्लाऊ पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसके अलावा, मक्का सुखाने के लिए मेज ड्रायर और तेल निकालने की मशीनों पर भी अनुदान उपलब्ध है. यह पहल न केवल खेती को आधुनिक बनाएगी, बल्कि किसानों को अपनी उपज का प्रसंस्करण कर बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने में भी सक्षम बनाएगी.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें