गणतंत्र दिवस को लेकर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, हजरतगंज-चारबाग समेत कई मार्ग बंद, यहां देखें रूट चार्ट

0
गणतंत्र दिवस को लेकर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, हजरतगंज-चारबाग समेत कई मार्ग बंद, यहां देखें रूट चार्ट


लखनऊ: गणतंत्र दिवस परेड को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. ट्रैफिक विभाग की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के तहत हजरतगंज, चारबाग और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर आज सुबह 6 बजे से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है. यह व्यवस्था कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी. आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और स्कूली वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों से गुजरने की अनुमति होगी. किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं.

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. परेड मार्ग पर पुलिस के साथ-साथ एटीएस और पीएसी की तैनाती की गई है. पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है.

जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार ने बताया कि विधान भवन और परेड मार्ग के आसपास के क्षेत्रों को 3 जोन और 9 सेक्टर में बांटा गया है. यहां एटीएस, पीएसी, आर्म्ड क्यूआरटी और नागरिक पुलिस को तैनात किया गया है. ऊंची इमारतों पर रूफ-टॉप ड्यूटी लगाई गई है.

चारबाग रेलवे स्टेशन, चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट, बस अड्डों और प्रमुख मॉल में स्निफर डॉग और बम निरोधक दस्तों के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.

वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था

चारबाग, हजरतगंज, कैसरबाग, राणा प्रताप चौराहा, बांसमंडी, आलमबाग, सदर कैंट, 1090 चौराहा, हनुमान सेतु और गांधी सेतु मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है. कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.

बसों के लिए निर्धारित रूट

गोमतीनगर, चारबाग और कैसरबाग से चलने वाली रोडवेज और सिटी बसों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि यातायात बाधित न हो.

पार्किंग व्यवस्था

विशेष कार पास और वीआईपी वाहनों के लिए सचिवालय मल्टीलेवल पार्किंग और निर्धारित गेट से प्रवेश की व्यवस्था की गई है. मीडिया कर्मियों और स्कूली बच्चों के वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.

इन इलाकों में रहेगा पूर्ण ट्रैफिक प्रतिबंध

चारबाग रेलवे स्टेशन के आसपास, रॉयल होटल से लालबाग चौराहा, हजरतगंज से बापू भवन, नॉवेल्टी चौराहा से कैपिटल तिराहा सहित कई मार्गों पर तय समय तक ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा.

सादे कपड़ों में पुलिस तैनात

बाजारों, मॉल और पार्कों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है. अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.

सुरक्षा बलों की तैनाती

3 पीएसी कंपनियां

2 एटीएस टीमें

1343 पुलिसकर्मी

3 डीसीपी, 5 एडीसीपी, 14 एसीपी

55 निरीक्षक, 322 उपनिरीक्षक

853 मुख्य आरक्षी/आरक्षी

131 होमगार्ड

बीडीएस, एंटी-माइन टीम, डीएफएमडी और फायर सर्विस की टीमें

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों