गर्मियों की धूप या सर्दियों की ठंड, ये फूल हर हाल में खिलता है, जानें टिप्स
Last Updated:
आजकल हर कोई चाहता है कि उसका गार्डन खूबसूरत और आकर्षक दिखे. इसके लिए लोग तरह-तरह के फूल और पौधे लगाते हैं. लेकिन, अगर आप अपने गार्डन को साल भर हरा-भरा और रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं, तो अलमंडा का पौधा आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. यह एक विदेशी प्रजाति का फूल है, जो आपके गार्डन की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ पूरे साल खिलता रहता है. जी हां, हम बात कर रहे हैं अलमंडा फूल के पौधे की…
फूल विक्रेता इमरान ने लोकल 18 से बताया कि अलमंडा फूल की खेती के लिए पौधे को 6-8 घंटे की तेज धूप और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी की आवश्यकता होती है. मिट्टी में खाद और रेत (या कोकोपीट/परलाइट) का मिश्रण होना चाहिए.

गर्मियों में मिट्टी को नम रखें और नियमित रूप से पानी देते रहें, लेकिन जलभराव न होने दें. पौधे को बुश जैसा बनाने के लिए पिंचिंग और कटाई-छंटाई करें, जिससे यह घना होगा.

उद्यान निरीक्षक पवन सिंह ने बताया कि अलमंडा को पूरे दिन की धूप पसंद होती है. दिन में 6-8 घंटे सीधी धूप मिलना ज़रूरी है. बहुत तेज गर्मी में पौधे को दोपहर की तेज धूप से बचाने के लिए थोड़ी आंशिक छाया में रख सकते हैं.

अलमांडा के फूल के पौधे के लिए उपयुक्त मिट्टी का चयन करें. इसके लिए मिट्टी भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली होनी चाहिए. मिट्टी का मिश्रण 50% बगीचे की मिट्टी, 20% खाद और 30% रेत का करना चाहिए.

गर्मियों में रोजाना पानी दें, खासकर अगर पौधा पूरी धूप में है. मिट्टी में जलभराव से बचें, नहीं तो जड़ें सड़ सकती हैं. सर्दी के मौसम में इस फूल के पौधे में पानी 15 दिन में एक बार दे सकते हैं.

अलमांडा का पौधा लगाने से पहले हमें निर्धारित स्थान पर जैविक खाद गोबर का प्रयोग करना चाहिए. इसके साथ ही पौधा जब जड़ पकड़ ले, उसके बाद भी इसमें हर महीने 1-2 मुट्ठी खाद (जैसे वर्मीकम्पोस्ट या गोबर की खाद) डाल सकते हैं.

पौधे को घना बनाने और अच्छा आकार देने के लिए पिंचिंग और सेमी-वुड कटिंग की जा सकती है. सेमी-वुड कटिंग में पौधे की दो-तीन इंच तक कटाई की जाती है, जिससे नई और घनी शाखाएं निकलती हैं.