गाजियाबाद को जलभराव से मिलेगी मुक्ति, इंद्रप्रस्थ की खस्ताहाल सड़कों के दिन बहुरेंगे, कई वार्डों में होंगे करोड़ों के काम
Last Updated:
Ghaziabad Development News: गाजियाबाद के प्रताप विहार वार्ड-15 में 3 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से आरसीसी नाले का निर्माण किया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी. विजयनगर जोन के अन्य वार्डों में भी करोड़ों रुपए के विकास कार्य होंगे. इंद्रप्रस्थ डी-ब्लॉक की सड़कों की मरम्मत के लिए 60 लाख रुपए का बजट मंजूर किया गया है. नाला निर्माण के बाद प्रेम नगर और आसपास के इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी.
Ghaziabad Development News: प्रताप विहार सहित विजय नगर जोन के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. जी हां… काफी लंबे समय से चली आ रही जलभराव और खराब सड़कों की समस्या जल्द दूर होने वाली है. नगर निगम और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने विकास का रोडमैप तैयार कर लिया है. रविवार को मेयर सुनीता दयाल ने विजय नगर जोन में करीब 6 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया.
जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान
मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि प्रताप विहार के वार्ड-15 में डीपीएस चौक से संतोष मेडिकल गेट नंबर-2 और जल निगम के बड़े नाले तक आरसीसी नाले का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना पर 3 करोड़ 82 लाख रुपए खर्च होंगे. इस नाले के बनने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगी. वहीं, बारिश के दौरान सड़कों और कॉलोनियों में होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
वार्ड-7 में भी बनेगा आरसीसी नाला
नगर निगम के अनुसार, वार्ड-7 बिहारीपुरा सुभाषपुरी में भी आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा. इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग 1 करोड़ 7 लाख रुपए बताई गई है. इसके अलावा वार्ड-55 प्रताप विहार सेक्टर-11, ब्लॉक-सी की आंतरिक गलियों में नालियों के निर्माण पर 14 लाख रुपए खर्च होंगे. वहीं, वार्ड-6 कृष्णा नगर में नालियों के निर्माण कार्य पर लगभग 6 लाख रुपए की लागत आएगी.
इंद्रप्रस्थ की सड़कों के लिए ₹60 करोड़ का बजट
वहीं इंद्रप्रस्थ डी-ब्लॉक में छोटी से लेकर बड़ी सड़कों की मरम्मत का कार्य भी शुरू किया जाएगा. लंबे समय से खराब सड़कों को लेकर स्थानीय लोग शिकायत कर रहे थे. मुख्य सड़क और सहायक सड़कों सहित सभी मार्गों की मरम्मत के लिए नगर निगम ने करीब 60 लाख रुपए का बजट जारी किया है. अधिकारियों के अनुसार, बजट जारी होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा और सड़कों की हालत में सुधार किया जाएगा.
नाला निर्माण की लंबे समय से थी मांग
लोनी तिराहे से प्रेम नगर कॉलोनी तक नाले के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी. इस संबंध में स्थानीय विधायक मदन भैया ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को पत्र भी भेजा था. विधायक ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर रोड पर नाला न होने के कारण बरसात के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या हो जाती है. पहले 15वें वित्त आयोग से नाले का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन स्वीकृति न मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका.
स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
नाला निर्माण के बाद प्रेम नगर कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को जलनिकासी की समस्या से निजात मिलेगी. स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलभराव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है. अब आरसीसी नाला बनने से पानी की निकासी सुचारु होगी और जनजीवन सामान्य रहेगा.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें