गाजियाबाद से ग्रेनो वेस्ट होकर एयरपोर्ट तक दौड़ेगी नमो भारत, बिछेगा पटरियों का जाल, 22 स्टेशनों के साथ 72 KM लंबा होगा रूट

0
गाजियाबाद से ग्रेनो वेस्ट होकर एयरपोर्ट तक दौड़ेगी नमो भारत, बिछेगा पटरियों का जाल, 22 स्टेशनों के साथ 72 KM लंबा होगा रूट


गाजियाबाद/ग्रेटर नोएडा: जाम के झाम और घंटों के लंबे सफर से जूझने वाले NCR वासियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है. गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक के सफर को सुगम बनाने के लिए नमो भारत रैपिड रेल के रूट पर अंतिम मुहर लग गई है. यह सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर और कासना जैसे इलाकों को दुनिया से जोड़ने वाला एक हाई-टेक कॉरिडोर है. महज 5 साल के भीतर यह कॉरिडोर न सिर्फ जेवर एयरपोर्ट तक की राह आसान करेगा, बल्कि दिल्ली और गुरुग्राम की दूरी को भी सिमटा कर रख देगा.

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) और यमुना विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में रूट और स्टेशनों की रूपरेखा तय कर ली गई है. परियोजना को आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय की स्वीकृति के लिए भेजा गया है. मंत्रालय परियोजना का फाइनेंशियल मॉडल तय करेगा.

20,360 करोड़ का निवेश और 5 साल का वक्त
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण पर कुल 20,360.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है. इस परियोजना के प्रस्ताव को अब आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय की अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा गया है. अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने से लेकर इसे पूरा करने में लगभग पांच साल का समय लगेगा.

72 किमी लंबा कॉरिडोर और 22 स्टेशन
गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से शुरू होकर यह कॉरिडोर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचेगा, जिसकी कुल लंबाई 72.44 किलोमीटर होगी. पूरे रूट पर कुल 22 स्टेशन होंगे, जिनमें 11 रैपिड रेल और 11 मेट्रो स्टेशन के रूप में संचालित किए जाएंगे. एयरपोर्ट परिसर के भीतर 1.1 किलोमीटर का हिस्सा भूमिगत (Underground) होगा. फिल्म सिटी से एयरपोर्ट तक 14.2 किमी लंबा एलआरटी (LRT) प्रोजेक्ट भी इसी में समाहित होगा.
सूरजपुर बनेगा बड़ा जंक्शन
इस रूट का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव सूरजपुर होगा, जिसे एक बड़े जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां से गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के बीच प्रस्तावित कॉरिडोर को जोड़ा जाएगा. इस कनेक्टिविटी के जरिए यात्री आईजीआई (IGI) इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का सफर आसानी से तय कर सकेंगे.

एक ही ट्रैक पर चलेगी एक्वा मेट्रो और रैपिड रेल
प्रोजेक्ट की एक खास बात यह है कि चार मूर्ति चौक से नॉलेज पार्क-5 तक के 10 किलोमीटर के हिस्से में एक्वा लाइन मेट्रो और रैपिड रेल का ट्रैक साझा होगा. इस 10 किमी लंबे रूट पर छह स्टेशन होंगे, जहां एक ही ट्रैक और स्टेशनों का उपयोग दोनों सेवाओं के लिए किया जाएगा, जिससे लागत में बड़ी बचत होगी.

किन इलाकों को मिलेगा फायदा?
यह कॉरिडोर गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नॉलेज पार्क पांच, कासना और सूरजपुर होते हुए यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में प्रवेश करेगा. इससे न केवल गाजियाबाद बल्कि नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों को एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिल जाएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों