गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी
Last Updated:
भटनी-औंड़िहार रेलखंड पर पुल कार्य पूरा होने से गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज की ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी. कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी. यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह. साथ ही स्थानीय लोगों से अनुरोध किया गया है कि निरीक्षण के दिन ट्रैक के आसपास न जाएं और अपने मवेशियों को भी लाइन पर न छोड़ें, ताकि कोई अनहोनी न हो
गोरखपुर. पूर्वोत्तर रेलवे तेजी से अपने नेटवर्क को मजबूत और तेज बना रहा है. इसी कड़ी में वाराणसी मंडल के भटनी-औंड़िहार रेलखंड पर पुल संख्या 84 और 91 का कटिंग-कनेक्शन का काम पूरा हो गया है। अब इन पुलों पर ट्रेनें तेज रफ्तार से दौड़ सकेंगी. इसके लिए मंगलवार 2 दिसंबर को रेल संरक्षा आयुक्त (उत्तर पूर्व सर्किल) पूरे खंड का निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के दौरान पनियारा हाल्ट और दुल्लहपुर स्टेशन के बीच स्पीड ट्रायल भी होगा, जिसमें ट्रेन को अधिकतम तय गति से चलाकर सुरक्षा परखी जाएगी.
निरीक्षण और स्पीड ट्रायल की वजह से मंगलवार को कई लोकल और मेमू ट्रेनें या तो पूरी तरह रद्द रहेंगी या आंशिक रूप से चलेंगी. पूरी तरह रद्द होने वाली ट्रेनों में भटनी-वाराणसी सिटी-भटनी मेमू (65107/65108), गाजीपुर सिटी-वाराणसी सिटी-वाराणसी मेमू (65105/65106) और मऊ-दोहरीघाट-मऊ मेमू (65133/65134) शामिल हैं. वहीं प्रयागराज रामबाग-मऊ मेमू (65132) बनारस में ही खत्म हो जाएगी और मऊ तक नहीं जाएगी. इसी तरह मऊ से प्रयागराज रामबाग जाने वाली मेमू (65131) बनारस से ही चलेगी, यानी मऊ-बनारस के बीच नहीं चलेगी.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं और वैकल्पिक व्यवस्था कर लें. साथ ही स्थानीय लोगों से अनुरोध किया गया है कि निरीक्षण के दिन ट्रैक के आसपास न जाएं और अपने मवेशियों को भी लाइन पर न छोड़ें, ताकि कोई अनहोनी न हो. यह काम पूरा होने के बाद भटनी-औंड़िहार के बीच ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी और प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों को काफी फायदा होगा.
औंड़िहार-सारनाथ-औंड़िहार डेमू 28 फरवरी तक
यात्रियों की सुविधा के लिए औंड़िहार-सारनाथ-औंड़िहार डेमू विशेष (05163/05164) का संचालन 2 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक रोजाना (कुल 89 फेरे) बढ़ाया गया. 05163 औंड़िहार से 12:35 दोपहर रवाना होकर 13:20 सारनाथ पहुंचेगी, वहीं 05164 सारनाथ से 13:50 चलेगी और औंड़िहार 14:30 बजे पहुंचेगी.