ग्राउंड रिपोर्ट: लखीमपुर-खीरी में गड्ढा मुक्त अभियान की खुली पोल, सालों से खस्ताहाल सड़कें बनी लोगों के लिए मुसीबत
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, परंतु ध्यान देने वाला कोई नहीं है. जहां एक और लगातार बेहतर सड़क बनवाने को लेकर सड़क मंत्री द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है.
सरकारी दावों की खुली पोल
सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान की पड़ताल करने के लिए जब न्यूज़ 18 लोकल की टीम ग्राउंड पर पहुंची, तो सरकार के दावों की पोल खुल गई. स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले करीब 4 सालों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, परंतु कोई ध्यान नहीं दे रहा है जिससे आए दिन सड़क हादसे भी हो जाते हैं. बरसात के मौसम में भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिसे निकालने में काफी दिक्कत होती है.
पलिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुकरा से पहाड़पुर जाने वाले करीब 2.5 किलोमीटर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं.
सुनिए क्या बोले लोग
हरजीत सिंह ने बातचीत करते हुए बताया कि कई वर्षों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और पत्थर पड़े हुए हैं जिस कारण निकालने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है कई बार तो मोटरसाइकिल भी पंचर हो जा चुकी हैं. परंतु ध्यान देने वाला कोई नहीं है.
आए दिन होते हैं हादसे
बंगाली कॉलोनी के रहने वाले गौतम चंद्र ने बातचीत करते हुए बताया कि प्रतिदिन इस रोड पर कई गांव के लोग अवागमन करते हैं. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. कई बार तो मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाता है जैसे बाइक गिर जाती है और लोग घायल भी हो जाते हैं परंतु प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्त अभियान का असर पलिया विधानसभा क्षेत्र में नहीं दिखता है.
हालात हो रहे हैं खराब
अमित ने जानकारी देते हुए बताया कि बरसात के मौसम में जो गड्ढे हैं उनमें पानी भर जाता है. ऐसे में निकलने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इस समय तो गड्ढे और बड़े हो गए हैं और इस समय धूल उड़ रही है जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और इस सड़क पर कोई ध्यान देने वाला नहीं है जिस कारण लोगों की मुसीबतें बढ़ती जाती हैं.
क्षेत्रीय विधायक ने दिया आश्वासन
जब इस मामले में हमने क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी से बात की तो उन्होंने बातचीत करते हुए बताया कि जल्द से जल्द इस सड़क को सही कराया जाएगा जिससे स्थानीय लोगों को सहूलियत मिलेगी.