चित्रकूट बना पर्यटकों का हॉटस्पॉट, स्काईवॉक ब्रिज से बढ़ेगा ईको टूरिज्म
Last Updated:
Chitrakoot News: चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र में यूपी का पहला स्काईवॉक ब्रिज बनाया गया है. यह जगह अब पर्यटकों की पहली पसंद बन चुकी है, यहां आने वाले लोग न सिर्फ टाइगर रिजर्व का रोमांच महसूस करते है.
धर्म नगरी चित्रकूट अब केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि यह अब धीरे-धीरे पर्यटकों के घूमने का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है, भगवान श्रीराम की तपोस्थली मानी जाने वाली इस धरती पर अब हर दिन सैकड़ों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, जो यहां के मठ-मंदिरों, वॉटरफॉल्स, और रानीपुर टाइगर रिजर्व जैसे प्राकृतिक स्थलों का आनंद ले रहे हैं. पर्यटन विभाग भी अब ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कई नई योजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है.
पर्यटकों को मिलेगी ये सुविधा
आप को बता दे कि चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र में यूपी का पहला स्काईवॉक ब्रिज बनाया गया है. यह जगह अब पर्यटकों की पहली पसंद बन चुकी है, यहां आने वाले लोग न सिर्फ टाइगर रिजर्व का रोमांच महसूस करते हैं, बल्कि आसमान की ऊंचाई से प्रकृति का अद्भुत दृश्य देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं. इसी को देखते हुए पर्यटन विभाग ने अब स्काईवॉक ब्रिज के पास ही एक थीम पार्क, रेस्ट हाउस, और म्यूजियम बनाने की योजना शुरू कर दी है, ताकि यहां आने वाले सैलानियों को ठहरने और घूमने की बेहतर सुविधाएं मिल सकें
3 महीने में पूरा हो जाएगा कार्य
वही इस संबंध में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आर.के. रावत का कहना है कि सरकार की ओर से इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकूट में कई प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं. रानीपुर टाइगर रिजर्व और स्काईवॉक ब्रिज के आसपास फिलहाल ठहरने या खाने-पीने की पर्याप्त सुविधा नहीं थी.इसे देखते हुए पर्यटन विभाग ने यहां थीम पार्क, बच्चों और बड़ों के लिए मनोरंजन क्षेत्र,तथा ऊंचाई से नजारा देखने के लिए व्यू प्वाइंट जैसे कई कार्य शुरू किए हैं. यह सभी कार्य अगले दो से तीन महीनों के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे और इसके बाद यह स्थान न केवल देशी बल्कि विदेशी सैलानियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन जाएगा, उनका मानना है कि आने वाले दिनों में चित्रकूट का यह इलाका प्रदेश का प्रमुख ईको-टूरिज्म डेस्टिनेशन बनकर उभरेगा.