जेवर एयरपोर्ट: प्रभावित युवाओं को जल्द मिलेगी नौकरी, विधायक धीरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को दिए निर्देश

0
जेवर एयरपोर्ट: प्रभावित युवाओं को जल्द मिलेगी नौकरी, विधायक धीरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को दिए निर्देश


Last Updated:

Jewar Airport: जेवर क्षेत्र में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रभावित युवाओं को स्थायी रोजगार दिलाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी. जमीन देने के बावजूद नौकरी न मिलने से युवाओं में बढ़ते असंतोष को देखते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने यमुना प्राधिकरण और एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.

ग्रेटर नोएडा: जेवर क्षेत्र में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रभावित युवाओं को स्थायी रोजगार दिलाने की मांग लंबे समय से उठती रही है. एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले कई युवाओं को अब तक वादे के अनुसार नौकरी नहीं मिल सकी है, जिससे स्थानीय स्तर पर असंतोष बढ़ रहा था. इन लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने रोजगार प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए हैं.

विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि कई प्रभावित परिवारों के युवक अपनी जमीन देने के बाद से नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन वादे के अनुसार उन्हें स्थायी रोजगार उपलब्ध नहीं हो पाया. इसी स्थिति को सुधारने के लिए उन्होंने यमुना प्राधिकरण में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई. बैठक में एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, सीओ और नोडल अधिकारी मौजूद रहे.

बैठक में जमीन देने वाले युवाओं की नियुक्ति से संबंधित नियम, पात्रता, वरीयता और चयन प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई. विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिनकी जमीन एयरपोर्ट निर्माण में अधिग्रहित हुई है, उन युवाओं को पूर्ण प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवक वंचित न रहे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए.

विधायक ने बताया कि बैठक की विस्तृत मिनट्स तैयार की जा रही हैं और उन्हें तुरंत प्रभाव से लागू कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. प्राधिकरण और एयरपोर्ट अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि रोजगार से जुड़े लंबित मामलों को जल्द ही निपटाया जाएगा. आगामी दिनों में उन युवाओं की अंतिम सूची तैयार की जाएगी जिन्हें स्थायी नौकरी देने का वादा किया गया था.

रोजगार के साथ-साथ बैठक में स्थानीय विकास से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई. एयरपोर्ट तक जाने वाली कई सड़कों की खराब स्थिति को लेकर विधायक ने पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया कि 8 से 10 दिनों के भीतर सभी प्रमुख मार्गों को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए, ताकि निर्माण कार्य और यातायात प्रभावित न हो. इस दौरान जेवर में होने वाले आगामी कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर भी तैयारी की रूपरेखा बनाई गई.

विधायक ने कहा कि जेवर के लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्साहित और तैयार हैं तथा यह अवसर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा. स्थायी नौकरी और स्थानीय विकास को लेकर उठाए जा रहे इन कदमों से प्रभावित युवाओं और क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है कि एयरपोर्ट परियोजना क्षेत्र के विकास को गति देने के साथ-साथ युवाओं के लिए सुरक्षित रोजगार का मजबूत आधार बनेगी.

About the Author

Rahul Goel

मैं राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहा हूं. मुझे हिंदी मीडिया में 16 साल से ज्यादा का अनुभव है. मैंने प्रिंट में रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल मीड…और पढ़ें

homeuttar-pradesh

जेवर एयरपोर्ट: प्रभावित युवाओं को जल्द मिलेगी नौकरी, MLA ने दिए निर्देश



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *