टी-20 वर्ल्डकप जीतते ही कानपुर में होली-दिवाली एक साथ, फैन बोले- ये पूरे देश की जीत
Last Updated:
भारतीय टीम ने आज कमाल कर दिखाया है. टीम इंडिया तीसरी बार टी-20 चैंपियन बनी है. भारतीय टीम ने आज अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 ट्रॉफी अपने नाम की. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 255 रनों का पहाड़ खड़ा किया. जवाब में न्यूजीलैंड 158 रन पर ऑलआउट हो गया. पूरे देश में जश्न का माहौल है. यूपी के कानपुर में पटाखे फोड़े गए. नवाबगंज, काकादेव, गोविंदनगर, बर्रा, कल्याणपुर, रावतपुर और पनकी समेत कई इलाकों में युवाओं ने तिरंगा लेकर सड़कों पर जुलूस निकाला. कई जगह लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भी जीत का जश्न मनाया.
चौराहों पर सैलाब
शहर के प्रमुख चौराहों पर देर रात तक भीड़ जुटी रही. स्वरूप नगर चौराहा, रावतपुर, किदवई नगर और घंटाघर इलाके में युवाओं की टोलियां तिरंगा लहराते हुए जश्न मनाती दिखीं. कई लोग बाइक रैली निकालते हुए सड़कों पर घूमते रहे. होली के कारण पहले से ही बाजारों और मोहल्लों में उत्साह का माहौल था. ऐसे में टीम इंडिया की जीत ने इस खुशी को दोगुना कर दिया. कई जगह लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भी जीत का जश्न मनाया.
और क्या बोले लोग
सोशल मीडिया पर भी कानपुर के युवाओं ने टीम इंडिया की जीत की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए. कानपुर के रहने वाले आकाश राठौर ने कहा कि यह जीत सिर्फ एक क्रिकेट मैच की जीत नहीं है, बल्कि पूरे देश की जीत है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत के 140 करोड़ लोगों का दिल तोड़ने की बात करते हैं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी हमेशा दिल जोड़ने का काम करते हैं. आकाश ने कहा, “आज टीम इंडिया ने दिखा दिया कि भारत की ताकत उसकी एकता है. यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का पल है.”
देर रात तक जश्न
भारत की जीत के बाद शहर के कई इलाकों में देर रात तक जश्न चलता रहा. लोग ढोल की थाप पर नाचते रहे और पटाखों की आवाज से आसमान गूंजता रहा. कई परिवारों ने अपने घरों की छतों पर भी पटाखे छोड़े और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की. बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते नजर आए. टीम इंडिया की इस जीत ने होली के रंगों में देशभक्ति का रंग भी घोल दिया. कानपुर में यह नजारा साफ बता रहा था कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा एक त्योहार बन चुका है.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें