दालमंडी में 186 घर और 6 मस्जिद कबतक होंगे जमींदोज? जानें क्या कुछ होगा हर दिन नया
Last Updated:
Varanasi Dalmandi Project Update: वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर तक पहुंच को आसान बनाने के लिए दालमंडी प्रोजेक्ट पर एक बार फिर काम शुरू कर दिया गया है. दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत अधिग्रहित भवनों को ध्वस्त करने का अभियान एक बार फिर शुरू कर दिया गया. पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता केके सिंह ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में हर दूसरे दिन नई कार्रवाई होगी.
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी के दालमंडी में बुलडोजर ऐक्शन की शुरुआत हो चुकी है. इसके साथ ही इस चौड़ीकरण प्रोजेक्ट ने रफ्तार पकड़ ली है. एक ओर ध्वस्तीकरण का काम तेजी से जारी है तो दूसरी तरफ मकानों की रजिस्ट्री भी धड़ाधड़ हो रही है. बताया जा रहा है कि दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के लिए 24 भवनों को अधिग्रहित कर मुआवजे की राशि भवन स्वामियों को ट्रांसफर की जा चुकी है.
पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता केके सिंह ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में हर दूसरे दिन नई कार्रवाई होगी और एक नए भवन के ध्वस्तीकरण का काम भी किया जाएगा. प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है. अनुमान है अगले 45 दिनों में इस प्रोजेक्ट के लिए सभी 184 भवनों की रजिस्ट्री भी पूरी हो जाएगी. इस चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में 6 मस्जिद भी जद में है. इन मस्जिदों को शिफ्ट करने के लिए आला अफसरों की टीम मुस्लिम धर्मगुरुओं से बातचीत कर रही है. माना जा रहा है जल्द ही इसपर सहमति बन सकती है.
सभी विभाग के अफसर जुटे
बताते चलें कि दालमंडी प्रोजेक्ट में 11 मकानों को अब तक जमीदोंज किया जा चुका है. इस प्रोजेक्ट में पीडब्ल्यूडी के साथ नगर निगम, वीडीए सहित सभी विभागों के अफसर जुटे हुए है. वहीं ध्वस्तीकरण के दौरान भारी फोर्स की तैनाती भी दालमंडी में की गई है. डीएम-कमिश्नर खुद इसकी प्रगति रिपोर्ट जान रहे हैं.
221 करोड़ रुपये होंगे खर्च
221 करोड़ की लागत से दालमंडी की सड़क को 17.4 मीटर तक चौड़ा किया जाना है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद नया दालमंडी काशी विश्वनाथ धाम की राह को आसान करेगा. बताते चलें कि सरकार इस रास्ते को विश्वनाथ धाम जानें के लिए वैकल्पिक मार्ग के तौर तैयार कर रही है. इस सड़क के तैयार होने के बाद मैदागिन और गोदौलिया मार्ग पर श्रद्धालुओं का दबाव भी काफी कम होगा.
सरकार बनाएगी मॉडल सड़क
दालमंडी की नई सड़क को योगी सरकार मॉडल सड़क बनाएगी. इस सड़क के दोनों ओर 10 फीट चौड़ा पाथवे भी होगा. जहां खूबसूरत गार्डनिंग के साथ बैठने की व्यवस्था भी होगी. इसके अलावा, यहां कई खास सुविधाओं का ख्याल रखा जाएगा. इसका एक ले आउट तैयार किया गया है.