दिसंबर से और बढ़ेगी सर्दी, यूपी के कई जिलों में कोहरे की दस्तक, शुरू हुई जैकेट-शॉल-रजाई-कंबल वाली ठंड
UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में ठंड अब तेजी से बढ़ रही है. न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. गिरते तापमान के कारण लोग ठंड से बचने के लिए जैकेट और शॉल का सहारा ले रहे हैं. प्रदेश में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 7.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से अनुमान लगाया गया है कि दिसम्बर के शुरुआती हफ्ते में तापमान में और कमी आएगी. लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को पश्चिमी व पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा.
यूपी की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है. मौसम विभाग से मिले ताजा अपडेट के अनुसार, 30 नवंबर से लखनऊ के आसमान में बादलों की आवाजाही दिख सकती है. अनुमान है कि गुरुवार सुबह लखनऊ में कोहरा नजर आ सकता है. आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. अगले 24 घंटों में इसमें हल्का बदलाव संभव है. वहीं, नोएडा में भी सुबह कोहरे की चादर छाई रहेगी, और गाजियाबाद का मौसम भी लगभग ऐसा ही रहेगा.
दिसंबर से बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हिमालय क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक पहुंच रहा है. बर्फीली हवाओं के कारण यूपी में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है और लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है. इतना ही नहीं, ठंड के साथ-साथ बढ़ते प्रदूषण के कारण बुजुर्गों को सांस लेने भी दिक्कत हो रही है.