देव दीपावली पर हस्तिनापुर में दिखेगा भव्य नजारा, 5100 दीपों से गंगा की आरती
Last Updated:
Dev Diwali 2025: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महाभारत कालीन हस्तिनापुर में भी भव्य नजारा देखने को मिलेगा. द्रौपदी घाट पर देव दीपावली का आयोजन किया जाएगा. यहां 5100 दीपक से बूढी गंगा की भव्य आरती भी की जाएगी.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ से 45 किलोमीटर दूर हस्तिनापुर में 5 नवंबर 2025 को अद्भुत दीप उत्सव का नजारा देखने को मिलेगा. जहां जिला नमामि गंगे समिति और नेचुरल साइंसेज ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में द्रौपदी घाट पर 5100 दीप के माध्यम से बूढ़ी गंगा की आरती की जाएगी. यह जानकारी लोकल-18 की टीम से खास बातचीत करते हए जिला नमामि गंगे के परियोजना अधिकारी तुषार गुप्ता द्वारा दी गई.
सभी लोग कर सकते हैं प्रतिभाग
तुषार गुप्ता ने लोकल -18 टीम से खास बातचीत करते हुए बताया कि 5 नवंबर 2025 को देव दीपावली के पावन अवसर पर दौपदी घाट पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान दीपक से गंगा के घाट को सजाते हुए 5100 दीपों से मां बूढ़ी गंगा की आरती की जाएगी. इस दौरान हस्तिनापुर के क्षेत्र के संबंधित लोगों के साथ-साथ अन्य जो भी लोग प्रतिभाग करना चाहते हैं. वह सभी प्रतिभाग कर सकते हैं. हस्तिनापुर महाभारत कालीन ऐतिहासिक तथ्यों को लेकर अपनी विश्व में एक पहचान रखता है. ऐसे में सभी लोग इस आयोजन में प्रतिभाग कर हजारों वर्षों पुरानी परंपरा से भी रूबरू हो सकते हैं.
इसलिए महत्वपूर्ण है यह स्थल
ऐतिहासिक महाभारत कालीन हस्तिनापुर की अगर बात की जाए तो द्रौपदी घाट काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. यही पर द्रौपदी मंदिर भी बना हुआ है. जिसमें चीर हरण की दास्तान को बयां करते हुए मूर्ति भी दिखाई देगी. इसी के साथ ही साथ यहां से महाभारत कालीन बूढ़ी गंगा की जलधारा भी अविरल प्रवाहित होते हुए द्रौपदी घाट के नजदीक से ही निकलती है. ऐसे में इस घाट के प्रति भी भक्तों में काफी आस्था रहती है. किदंवती तो हजार वर्षों से यह भी चलती आ रही है कि द्रौपदी इसी घाट में विधि विधान के साथ स्नान कर भगवान की पूजा अर्चना करती थी. नेचुरल साइंसेज ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रियंक भारती के अनुसार हजारों वर्ष की परंपराओं को निभाने के लिए उनकी संस्था के माध्यम से यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. जिससे कि सभी लोग अपने सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हो सके.