नेपालियों ने विदेशी नागरिकों को अहमियत देने का आरोप लगाकर काटा बवाल, पुलिस ने बरसाई लाठियां – Protest by Nepalese devotees in Lumbini lathicharge and stone pelting

लुंबिनी में पुलिस ने नेपाली श्रद्धालुओं पर लाठी बरसा दिए। इसकी मुख्य वजह ये थी कि नेपाली लोग लुंबिनी विकास कोष के अधिकारियों पर विदेशी नागरिकों को तवज्जो देने का आरोप लगा रहे थे। साथ ही विवाद भी कर रहे थे। वे कह रहे थे कि अधिकारी लोग लुंबिनी को लेकर व्यापार कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, खनुआ। लुंबिनी में सोमवार को स्थानीय श्रद्धालु माया देवी मंदिर में विदेशी नागरिकों के प्रति रियायत व स्वदेशियों के प्रति सख्ती का आरोप लगाकर आक्रोशित हो गए। लुंबिनी विकास कोष के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वह नेपाल की वौश्विक पहचान गौतम बुद्ध की जन्म स्थली पर व्यापार करना चाह रहे हैं। इसके लिए वे मोटा चंदा वसूल रहे हैं। वहीं नेपाल के स्थानीय श्रद्धालुओं को तवज्जो न देकर उनसे दर्शन के नाम पर गैर जरूरी वसूली करने पर आमादा हैं।
सुबह से इस मुद्दे पर शुरू हुआ विवाद दोपहर तक गहराता गया। लुंबिनी बचाओ नारे के साथ कई संगठन के महिला -पुरुष माया देवी मंदिर पहुंचे और लुंबिनी विकास कोष के अधिकारियों से अपनी मांग रखी। शांति व्यवस्था कायम करने के लिए नेपाल की पुलिस (प्रहरी) व सशस्त्र पुलिस फोर्स आ गई। जिस पर लुंबिनी क्षेत्र के स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।
विवाद शांत कराने को पुलिस ने चलाई लाठियां
नेपाल पुलिस ने विवाद शांत कराने के लिए लाठियां भांजनी शुरू की तो मंदिर परिसर में चीख-पुकार व अफरा-तफरी मच गई। इसके उपरांत उग्र हुए श्रद्धालुओं ने नेपाल पुलिस बल पर पथराव किया। जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भारत से गए कई पर्यटक लुंबिनी दर्शन से वापस हो गए।
लोगों का किया जा रहा शोषण
नेपाल की श्रद्धालु लीला देवी, सुमन क्षेत्री, मोहन थाथा, अरुण बस्नेत व गीता ने बताया कि लुंबिनी विकास कोष के पदाधिकारी नेपाल सरकार व चीन समेत कई बौद्ध अनुयायी देशों के धर्मावलंबियों की मिली भगत से स्थानीय लोगों की भूमि अधिग्रहित करने की फिराक में है। सभी ने बताया कि ऐतिहासिक धरोहर बताकर स्थानीय लोगों का शोषण किया जा रहा है।
भेदभाव बर्दाश्त नहीं करेंगे नेपाली लोग
वह लुंबिनी विकास के नाम पर पारदर्शिता चाहते हैं। गौतम बुद्ध की जन्म स्थली के नाम पर विदेशी व नेपालियों में भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेपाल में रूपन्देही जिले के सीडीओ वासुदेव घिमिरे ने बताया कि लुंबिनी में हुए विवाद को शांतिपूर्ण बनाने के लिए फोर्स तैनात कर दी गई है। स्थानीय व लुंबिनी विकास कोष पदाधिकारियों के बीच वार्ता कर उपजे विवाद को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
तेजाब फेंकने का आरोप
मंगलपुर। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के लंगड़ी टोला निवासी सुमन देवी ने पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी बासपार कोठी टोला पिपरा निवासी मनीष के साथ लगभग डेढ़ वर्ष पहले की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दामाद अक्सर भद्दी-भद्दी गालियां देता रहता है।अब तो वह तेजाब फेंककर जलाने व जान से मारने की धमकी देने लगा है। उसकी धमकी ने जीना दुश्वार कर दिया है। हमेशा यह डर बना रहता है कि कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इस मामले में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ छात्रों पर लाठीचार्ज, कई घायल; जानिए क्या है मामला