न खाद की झंझट, न ज्यादा पानी… फिर भी बंपर पैदावार! यही है श्री अन्न का राज
Last Updated:
खेती में बढ़ती लागत और कम पैदावार से परेशान किसानों के लिए राहत की खबर है. फिरोजाबाद में कृषि विभाग श्री अन्न की खेती को बढ़ावा दे रहा है, जो कम पानी और बंजर जमीन पर भी अच्छी उपज देती है. बाजरा, चीना और कुटकी जैसे मोटे अनाज न केवल किसानों की आमदनी बढ़ाते हैं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं.
फिरोजाबाद. किसान भाई अक्सर कम पैदावार और बढ़ती लागत के कारण नुकसान झेलते हैं, खासकर तब जब जमीन कम उपजाऊ हो. ऐसे में कृषि विभाग किसानों को श्री अन्न (मोटे अनाज) की खेती के लिए प्रेरित कर रहा है. यह ऐसी फसल है जिसे कम पानी, कम लागत और कम देखभाल में उगाया जा सकता है. सही सीजन में इसकी खेती कर किसान अच्छी बचत और बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं.
बाजरा, चीना और कुटकी से होगी बेहतर आमदनी
फिरोजाबाद के उप कृषि निदेशक कार्यालय के तकनीकी सहायक अखिलेश चौधरी ने बताया कि किसान यदि कम लागत में अच्छी पैदावार चाहते हैं, तो श्री अन्न की खेती अपनाएं. इसमें बाजरा, चीना और कुटकी जैसे मोटे अनाज शामिल हैं. उन्होंने बताया कि इन फसलों को अधिक पानी की जरूरत नहीं होती और इन्हें कम उपजाऊ या बंजर भूमि पर भी आसानी से उगाया जा सकता है. खास बात यह है कि इस खेती में रासायनिक खाद की आवश्यकता बेहद कम होती है और कीट-पतंगों का प्रकोप भी बहुत कम देखने को मिलता है. इससे लागत घटती है और मुनाफा बढ़ता है.
किसानों को मुफ्त बीज की सुविधा
तकनीकी सहायक ने बताया कि जो किसान श्री अन्न की खेती करना चाहते हैं, वे दबरई स्थित विकास भवन के कृषि विभाग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं. पंजीकृत किसानों को इस योजना के तहत मुफ्त बीज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें शुरुआत में आर्थिक बोझ न उठाना पड़े.
सेहत के लिए भी फायदेमंद है श्री अन्न
अखिलेश चौधरी ने बताया कि श्री अन्न केवल खेती के लिए ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है. जिन लोगों को शुगर, बीपी या हृदय संबंधी समस्याएं हैं, उनके लिए मोटे अनाज से बनी रोटी फायदेमंद मानी जाती है. इस तरह श्री अन्न की खेती किसानों के लिए दोहरा लाभ देती है, एक ओर कम लागत में अच्छी आमदनी और दूसरी ओर सेहत के लिए पौष्टिक अनाज.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे…और पढ़ें