फर्टिलाइजर वितरण में बड़ा बदलाव, पोश मशीन अब करेगी धोखाधड़ी पर रोक, जानें कैसे मिलेगी अब खाद
Last Updated:
Preventing fertilizer fraud : फिरोजाबाद में किसानों को फर्टिलाइजर वितरण के लिए उपयोग होने वाली पोश मशीन अब नए सॉफ्टवेयर के साथ अपडेट कर दी गई है. इसमें जीरो फ्रिक्वेंसी सिस्टम और समय आधारित नियंत्रण जोड़ा गया है, जिससे दुकानदार मशीन को दुकान से बाहर ले जाकर अंगूठे लगवाकर धोखाधड़ी नहीं कर सकेंगे. यह अपडेट उर्वरक वितरण को पारदर्शी और सुरक्षित बनाएगा.
फिरोजाबाद : यूपी के फिरोजाबाद में किसानों को फर्टिलाइजर का वितरण पोश मशीन से कराया जाता है, जिसमें अब नया सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा है. इसके बाद अब खाद की दुकानों पर कोई भी गड़बड़ी नहीं कर सकेगा. यह सॉफ्टवेयर समय और क्षमता के साथ कार्य करेगा. इसमें ऑटोमैटिक जीरो फ्रिक्वेंसी सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे अब कोई भी दुकानदार फर्टिलाइजर को मनमानी तरीके से नहीं बेच पाएगा और किसान भी एक सीमित मात्रा में उर्वरक को ले सकेंगे. यह सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा चुका है जिससे कोई भी दुकानदार किसानों के अंगूठे लगवाकर धोखाधड़ी नहीं कर सकेगा.
जीरो फ्रिक्वेंसी सिस्टम लगाकर अपडेट हुई मशीन
फिरोजाबाद कृषि रक्षा अधिकारी सुमित चौहान ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए कहा कि जिले में किसानों को फर्टिलाइजर का वितरण पोश मशीन की ओर से कराया जाता है, जिसमें किसान भाई खाद की दुकान पर जाकर अंगूठा लगाकर उर्वरक को खरीदते हैं. लेकिन कई बार ऐसा देखने को मिलता था कि दुकानदार दुकान से पोश मशीन को ले जाकर गांव में ही किसानों के अंगूठे लगवा लेता था, जिससे किसानों को भी धोखाधड़ी का पता नहीं चल पाता था. अब इस मशीन में नया सॉफ्टवेयर अपडेट किया गया है. कोई भी दुकानदार अगर मशीन को दुकान से कही दूर ले जाता है तो यह मशीन काम नहीं करेगी क्योंकि इसमें जीरो फ्रिक्वेंसी सिस्टम लगाया गया है जो वही रहकर काम करेगा. इसके अलावा यह मशीन रात में काम नहीं करेगी. रात 8 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक यह मशीन ऑटोमैटिक बंद रहेगी. इससे कोई भी दुकानदार फर्टिलाइजर को गलत तरीके से नहीं बांट सकेगा.