फिर जल उठी ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी, फायर सेफ्टी की खुली पोल
ग्रेटर नोएडा: आजकल यूपी के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आग की घटनाएं काफी सामने आ रही हैं. अब ओमिक्रोन स्थित Migsun Ultimo सोसाइटी आग लगने की घटना को लेकर चर्चा में है. दो दिन पहले आग लगी थी. तब ये सोसाइटी फायर सेफ्टी फेल होने की खबरों को लेकर सुर्खियों में आ गई थी. मगर, सोचिए उसके बाद भी कुछ सुरक्षा के कदम नहीं उठाए गए. अब आज सुबह फिर Migsun Ultimo में आग लग गई. लोकल 18 से बात करते हुए लोगों ने डरावना मंजर बताया.
आज सुबह हुई आग की घटना
बुधवार सुबह करीब 6 बजे सोसाइटी के एक फ्लैट से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया. यह धुआं बालकनी में बने एसी होल्स के जरिए बाहर आ रहा था, जिसे आसपास के निवासियों ने देखा. उस समय फ्लैट बंद था और उसमें रहने वाले लोग बाहर गए हुए थे. हालात को भांपते हुए निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि फ्लैट के अंदर बेडरूम में आग लगी हुई है.
लोगों ने बताई घटना
स्थानीय निवासी सुशांत खंडेलवाल ने लोकल18 को बताया कि जब वे अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग काफी फैल चुकी है और पूरे कमरे में धुआं भर गया था. उन्होंने बताया कि सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि कमरे में ऐसा कोई ज्वलनशील सामान नहीं था, जिससे आग लगने का स्पष्ट कारण समझ में आए. बढ़ती आग को देखते हुए निवासियों ने तुरंत दरवाजा तोड़ने का फैसला लिया और अंदर जाकर आग बुझाने की कोशिश की.
इस दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई. सोसाइटी का फायर अलार्म सिस्टम काम नहीं कर रहा था. अगर यह सिस्टम सक्रिय होता, तो आग की सूचना समय रहते मिल सकती थी और नुकसान को कम किया जा सकता था. निवासियों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है जब फायर सेफ्टी सिस्टम ने जवाब दिया हो. इससे पहले भी कई बार ऐसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
अंदर धुआं भरा हुआ था…
एक अन्य निवासी सुधीर मोहन शुक्ला ने बताया कि जिस फ्लैट में आग लगी थी, वह पूरी तरह बंद था और अंदर धुआं भरा हुआ था. उन्होंने कहा कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है, जिसमें आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है. उनके मुताबिक, अंदर का पूरा सामान जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कमरा पूरी तरह धुएं से भर गया था.
घटना के दौरान एक और गंभीर समस्या उजागर हुई. सोसाइटी में पार्किंग की अव्यवस्था देखने को मिली. निवासियों का कहना है कि ओपन एरिया को पार्किंग के लिए अलॉट कर दिया गया है, जबकि यह जगह आपातकालीन स्थितियों में फायर ब्रिगेड जैसी बड़ी गाड़ियों के लिए खाली रहनी चाहिए. इस अव्यवस्था के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी देरी हुई. बताया जा रहा है कि गाड़ी करीब एक घंटे तक रास्ता साफ होने का इंतजार करती रही, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी.
पिछले एक महीने में तीसरी घटना
इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि पिछले एक महीने में इसी सोसाइटी में आग लगने की यह तीसरी घटना है. इससे पहले सन-2 टॉवर के 14वें फ्लोर और फ्लैट नंबर 505 में भी आग लग चुकी है. लगातार हो रही इन घटनाओं से निवासियों में डर का माहौल है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. फायर विभाग के अधिकारी एफएसओ जितेंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक आग को काफी हद तक नियंत्रित किया जा चुका था. उन्होंने यह भी कहा कि इस सोसाइटी के खिलाफ पहले भी फायर सेफ्टी मानकों के उल्लंघन को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है. वहीं इस मामले में जब बिल्डर से बात करने की कोशिश की गई तो migsun ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर यश मिगलानी ने फोन नहीं उठाया और ना ही मैसेज का जवाब दिया. उनके PR वालों का कॉल आया जो भी बात है हमसे करे यश जी को कॉल न करें.