बवासीर से लेकर दांत दर्द तक… क्या धतूरा है देसी रामबाण? जानिए सच
Last Updated:
धतूरा एक ऐसा पौधा है, जिसे जहां धार्मिक दृष्टि से भगवान शिव को अर्पित किया जाता है, वहीं आयुर्वेद में इसके कई औषधीय उपयोग भी बताए गए हैं. हालांकि यह पौधा विषैला होता है, इसलिए इसके सही और सीमित उपयोग से ही स्वास्थ्य लाभ मिल सकता है.
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के तराई इलाके में धतूरा का पौधा आसानी से मिल जाता है. धतूरा एक ऐसा पौधा है, जिसके फल, पत्तियां और तना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. इसमें ट्रोपेन एल्कलॉइड जैसे स्कोपोलामाइन, एट्रोपिन, एनिसोडामाइन, मेटेलोइडिन और एंजेलेट एस्टर जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो कई बीमारियों से बचाव में सहायक माने जाते हैं.

धतूरा का फल भगवान शिव को बेहद प्रिय माना जाता है. शिव भक्त सोमवार के दिन पूजा के बाद भगवान शिव को धतूरे का फल और फूल अर्पित करते हैं. धतूरा एक विषैला पौधा है, लेकिन इसका ऐतिहासिक और पारंपरिक उपयोग विभिन्न संस्कृतियों में औषधीय और धार्मिक उद्देश्यों के लिए होता आया है. मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान निकले विष को भगवान शिव ने पिया था और धतूरा उस विष को नियंत्रित करने में सहायक माना गया, इसलिए शिव पूजा में इसका विशेष महत्व है.

अगर आप बवासीर की समस्या से परेशान हैं, तो गांव में मिलने वाला यह फल राहत दिला सकता है. हालांकि, धतूरे के पत्ते और फल का सही तरीके से उपयोग करना बेहद जरूरी है. बवासीर में धतूरे के फल और पत्तियों को जलाकर निकलने वाले धुएं से मस्सों की सिकाई करने पर दर्द में राहत मिल सकती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कई बार बाइक या अन्य कारणों से चोट लगने पर पैर में सूजन आ जाती है, जिससे दर्द और चलने में दिक्कत होने लगती है. ऐसे में लोग धतूरे के पत्तों को गर्म करके प्रभावित स्थान पर बांधते हैं, जिससे सूजन कम हो सकती है. वहीं, धतूरे के पत्तों को पीसकर लेप बनाकर सूजन वाली जगह पर लगाने से भी धीरे-धीरे राहत मिल सकती है.

अगर आप कान के दर्द या सिरदर्द से परेशान रहते हैं, तो धतूरे का पत्ता फायदेमंद माना जाता है. कान दर्द में इसके उपयोग के लिए सरसों के तेल में गंधक के साथ थोड़ा सा धतूरे के पत्तों का रस मिलाकर धीमी आंच पर पकाएं. इसके बाद हल्का गुनगुना होने पर इस तेल की दो-दो बूंद कान में डालने से दर्द में राहत मिल सकती है.

आयुर्वेदिक आचार्य देवेंद्र कुमार के अनुसार दांतों के दर्द में धतूरे के बीज उपयोगी माने जाते हैं. इसके लिए धतूरे के बीज निकालकर धूप में सुखा लें, फिर उन्हें पीसकर दाढ़ की खाली जगह में रखें. कुछ समय बाद दर्द में राहत मिल सकती है, इसके बाद कुल्ला कर लें. उन्होंने यह भी सलाह दी है कि अधिक जानकारी और सही उपयोग के लिए डॉक्टर से जरूर संपर्क करें.