बांदा का चमत्कारी मंदिर, शिला रूप में स्वयं प्रकट हुई थी महेश्वरी देवी
Last Updated:
Maheshwari Mata Mandir Banda: उत्तर प्रदेश के बुंदलेखंड इलाके में चित्रकूट एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है. यह स्थान भगवान राम से जुड़ा है.
फोटो
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में कई ऐसे देवी-देवताओं के मंदिर हैं जिनकी मान्यता काफी ज्यादा है. उन्हीं में से एक है बुंदेलखंड के बांदा में स्थित मां महेश्वरी देवी मंदिर. इसे 52 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है. इस मंदिर की खासियत यह है कि यहां माता की कोई मूर्ति नहीं, बल्कि पत्थर की शिला पूजी जाती है. इसे स्वयं देवी महेश्वरी का रूप माना जाता है. भक्तों का मानना है कि यहां दर्शन करने से सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. यही कारण है कि दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए यहां आते हैं और अपनी आस्था प्रकट करते हैं.
ऐसे हुई माता की प्रतिमा की खोज
मान्यता है कि सैकड़ों वर्ष पहले एक कुम्हार मिट्टी खोदने के लिए इस स्थान पर आया था. जैसे ही उसने जमीन की खुदाई शुरू की उसे एक विशाल शिला मिली. पहले तो यह एक साधारण पत्थर प्रतीत हुआ, लेकिन जब कुम्हार ने इसे ध्यान से देखा तो उसे लगा कि यह कोई साधारण पत्थर नहीं बल्कि देवी की प्रतिमा है. इस घटना के बाद गांव के बुजुर्गों और संतों को बुलाया गया. पूजा-अर्चना करने के बाद यह साफ हुआ कि यह मां महेश्वरी देवी का दिव्य रूप है. फिर वहां एक छोटी सी मड़िया (छोटा मंदिर) बनाकर माता को स्थापित कर दिया गया.
भक्तों की श्रद्धा और मंदिर का विस्तार
समय बीतने के साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई. लोगों ने माता से अपनी मनोकामनाएं मांगी और जब वे पूरी हुई तो भक्तों ने मंदिर का निर्माण करवाया. धीरे-धीरे एक भव्य मंदिर का रूप तैयार हुआ जहां आज हजारों की संख्या में लोग दर्शन करने आते हैं.
पुजारी ने दी जानकारी
मंदिर के पुजारी छोटे लाल बताते हैं कि एक समय यह स्थान घने जंगल से घिरा हुआ था. बहुत कम लोग यहां आते थे, लेकिन जैसे-जैसे माता की कृपा से भक्तों की इच्छाएं पूरी होती गईं वैसे-वैसे मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक फैलती गई. आज यह स्थान एक प्रमुख तीर्थ स्थल बन चुका है. भक्तों का मानना है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से माता महेश्वरी के दरबार में आता है और अपनी मनोकामना व्यक्त करता है उसकी हर इच्छा पूरी होती है.
नोट: इस खबर में दी गई जानकारी, राशि-धर्म और शास्त्रों के आधार पर ज्योतिषाचार्य और आचार्यों से बात करके लिखी गई है. किसी भी घटना-दुर्घटना या लाभ-हानि महज संयोग है. ज्योतिषाचार्यों की जानकारी सर्वहित में है. बताई गई किसी भी बात का Local-18 व्यक्तिगत समर्थन नहीं करता.
Banda,Banda,Uttar Pradesh
March 18, 2025, 23:12 IST