बूढ़ी मां दिल की मरीज, कैसे बताएं.. दिल्ली धमाके में अमरोहा के अशोक की मौत
Last Updated:
Amroha News: दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके में अमरोहा के अशोक की मौत हो गई. अशोक डीटीसी में संविदा कंडक्टर थे. उनकी मां दिल की मरीज हैं, इसलिए उन्हें बेटे की मौत की खबर नहीं दी गई. अशोक तीन छोटे बच्चों को पीछे छोड़ गए हैं. गांव में शोक की लहर है.
अमरोहा. राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण कार धमाके में यूपी के अमरोहा के रहने वाले अशोक की भी मौत हो गई. अशोक हसनपुर तहसील क्षेत्र के मंगरोला गांव के रहने वाले थे. अशोक के मौत की सूचना मिलते ही परिवार समेत गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की मां को मौत के बारे में नहीं बताया गया है, क्योंकि मां को दिल की बीमारी है. अमरोहा पुलिस ने जैसे ही परिवार के लोगों को सूचना दी, सभी सन्न रह गए. फिलहाल परिवार के लोग शव को लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं.
दिवाली पर घर आए थे अशोक
मृतक अशोक हाल ही में दीपावली पर घर आए थे और त्योहार मनाने के बाद वापस दिल्ली लौटे थे. अशोक के घर में मातम पसरा है. उनकी मां सोमवती (65) हार्ट पेशेंट हैं, इसलिए उन्हें बेटे की मौत की खबर अब तक नहीं दी गई है. परिवार के लोगों ने मीडिया से मना किया कि मां से बात न करें और घर से दूरी बनाये रखें. परिवार के लोगों ओर गांव के लोगों ने बताया कि 25 साल पहले पिता की बीमारी से मौत हो चुकी है. अशोक के बड़े भाई सुभाष खेती करते हैं. दोनों भाइयों के पास करीब 6 बीघा जमीन है.
तीन बच्चों को पीछे छोड़ गए अशोक
अशोक के चचेरे भाई और ग्राम प्रधान सोमपाल सिंह ने बताया, “शाम को थाने से फोन आया कि लाल किला ब्लास्ट में अशोक की मौत हो गई है. मेरा भाई डीटीसी में कंडक्टर था. उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं. बड़ी बेटी आरोही (8), काव्या (5) और बेटा आरंभ (3) साल का है.
पुलिस टीम पहुंची गांव
हादसे की जानकारी मिलते ही हसनपुर क्राइम इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मंगरोला गांव पहुंचे. उन्होंने परिजनों से बातचीत की और मामले की जानकारी ली. गांव में शोक की लहर है, लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. अशोक के शव को लाने के लिए प्रधान गांव के लोगों को लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं.

अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार… और पढ़ें