ब्लिंकिट कलेक्शन लूट केस में बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गोंडा से गिरफ्तार
Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस ने रंजीत नगर इलाके में हुए एक सनसनीखेज लूट के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह सभी आरोपी पहले ब्लिंकइट और जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में काम कर चुके हैं. पुलिस ने इनसे लूटी गई रकम में से नकद, बाइक, मोबाइल फोन बरामद किए हैं और एक बैंक अकाउंट को भी फ्रीज कर दिया है. पूरा मामला 22 अक्टूबर 2025 का है, जब Blinkit के एक डिलीवरी कर्मचारी से 5 लाख रुपये लूट लिए गए थे.
घटना उस समय हुई, जब पीड़ित डिलीवरी बॉय दिनभर की कलेक्शन की रकम लेकर स्कूटी से रंजीत नगर से गुजर रहा था. जैसे ही वह शादिपुर के पास सत्य पार्क के सामने पहुंचा, तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर आए और उसकी राह रोक ली. आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर 5 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता देखते हुए SHO रंजीत नगर की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने आसपास के इलाकों के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज से मोटरसाइकिल की पहचान हुई जो चोरी की निकली. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें और मूवमेंट का बारीकी से अध्ययन किया. स्थानीय सूत्रों और गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी फ़रीदपुरी इलाके में किराए पर रहते हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा का रहने वाले हैं.
पुलिस ने मोबाइल नंबर और सीडीआर की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की जो गोंडा में मिली. इसके बाद टीम ने तुरंत यूपी के गोंडा में दबिश दी और तीनों आरोपियों राम अवतार उर्फ राम, सिकंदर और वीरू सोनकर को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में राम अवतार ने बताया कि उन्होंने लूट की रकम आपस में बांट ली थी. उसी की निशानदेही पर पुलिस ने ₹1,37,500 नकद बरामद किए. आरोपी वीरू ने लूटे हुए पैसों से एक मोटरसाइकिल खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. उसने एक आईफोन भी खरीदा था, जो पुलिस ने बरामद कर लिया. आरोपी सिकंदर ने अपने हिस्से के ₹1,53,000 रुपये बैंक में जमा कर दिए थे, जिसे पुलिस ने अब फ्रीज कर दिया है.
तीनों आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि उनके साथ चौथा साथी मनोज भी शामिल था, जो ब्लिंककिट के एक आउटलेट में काम करता है. मनोज ने ही उन्हें सूचना दी थी कि पीड़ित कब और कितनी रकम लेकर निकलेगा. यहां तक कि उसने स्कूटी का नंबर, रंग और दूसरा विवरण भी बताया था. पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है.
पुलिस ने खुलासा किया कि ये आरोपी पहली बार गिरफ्तार हुए हैं, लेकिन इन्होंने रंजीत नगर में हुई दो अन्य स्नैचिंग घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने नकद, बाइक, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं. पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है.