‘भूत-प्रेत समझकर कराते रहे झाड़-फूंक’ दो बहनों के सुसाइड मामले में पड़ोसियों को चौंकाने वाला खुलासा
Last Updated:
Lucknow News: लखनऊ में दो बहनों की खुदकुशी मामले को लेकर मोहल्ले वालों ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि डिप्रेशन में जाने के कारण दोनों बहनें किसी से बातचीत नहीं करती थीं, जिसको देख परिजनों ने भूत-प्रेत का साया समझा और झाड़-फूंक कराने लगे.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले में गुरुवार को दो बहनों ने फिनायल पीकर सुसाइड कर लिया. दरअसल दो बहनों को अपने जर्मन शेफर्ड डॉगी से काफी लगाव था. डॉगी की तबीयत खराब होने के कारण दोनों बहनें तनाव में रहने लगीं और धीरे-धीरे डिप्रेशन में चली गईं. लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र इलाके में रहने वाले परिजनों का कहना है कि दोनों बहनें डॉगी की तबीयत खराब होने के बाद गुमशुम रहती थीं.
परिवार ने बताया कि जब डॉगी की तबीयत ठीक नहीं हुई तो दोनों सगी बहनें राधा और जिया ने खुदकुशी का फैसला किया और एक साथ फिनायल पी लिया. आनन-फानन में परिजन दोनों बहनों को लेकर रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल अस्पताल निकले. रास्ते में ही एक ने अपना दम तोड़ दिया तो वहीं दूसरी की अस्पताल में इलाज के दौरान सांसें बंद हो गईं. देर शाम दोनों बहनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया.
झाड़-फूंक के चक्कर में फंसा परिवार
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, आसपास के लोगों ने बड़ा खुलासा किया है. मोहल्ले वालों ने बताया कि जब दोनों बहनें मानसिक रूप से बीमार हुईं तो उनके घरवालों ने भूत-प्रेत का साया समझ झाड़-फूंक कराने का रास्ता अपनाया. उन्होंने बताया कि भूत-प्रेत का साया समझ कई बार परिवार के लोग दोनों बहनों को लेकर बालाजी गए थे, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला और आखिर में उन्होंने अपनी दोनों बेटियों को खो दिया.
डॉगी के कारण छोड़ देतीं खाना
एक अन्य पड़ोसी ने भास्कर को बताया कि दोनों बहनें डॉगी से इतना प्यार करती थीं कि अगर डॉगी खाना ना खाए तो वे भी खाना छोड़ देती थीं. डॉगी के बीमार होने के बाद दोनों बहनें काफी डिप्रेशन में चलीं गईं. हालांकि दोनों बच्चियों ने क्या खाकर सुसाइड किया है, अब जिंदा होतीं तो असल बात पता चल पाती.
वहीं दोनों बहनों के सुसाइड मामले को लेकर इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह का कहना है कि दोनों शव का पोस्टमॉर्टम कर परिवार को सौंप दिया गया है. हालांकि मौत का अभी स्पष्ट कारण पता नहीं हो पाया है. रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया है और अभी जांच जारी है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.