मस्जिद पर चढ़ गई पन्नी, चढ़ गया तिरपाल, अब जमकर उड़ाओ रंग-गुलाल
Last Updated:
Sambhal News: संभल शहर के करीब 10 मस्जिदों को ढक दिया गया है. पुलिस ने बताया है कि जिन रास्तों से होली की यात्रा निकलेगी, उन रास्तों पर पड़ने वाली मस्जिदों को ढक दिया गया है.
संभल के कई मस्जिदों पर लगाया गया तिरपाल.
संभलः उत्तर प्रदेश के संभल जिले में इस वक्त पुलिस-प्रशासन लगातार अलर्ट मोड पर है. किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना ना हो और जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे, इसके लिए प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्था की जा रही है. इसी कड़ी में संभल जिले में करीब 10 मस्जिदों को तिरपाल से ढकने का फैसला किया गया है. क्योंकि ये सभी मस्जिद उन रास्तों पर पड़ेंगे, जहां से होली की यात्रा निकलेगी. इसलिए एहतियात के तौर पर इन मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया है ताकि मस्जिदों की दीवारों पर होली का रंग ना जाए. वहीं अधिकांश मस्जिदों को इस बार नहीं ढका गया है. इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार प्रशासन मस्जिदों को नहीं ढक पाएगा. मस्जिद के लोग चाहें तो तिरपाल लगाकर ढक सकते हैं.
बता दें कि इस बीच इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को संभल स्थित जामा मस्जिद की पुताई का काम एक सप्ताह में पूरा करने का बुधवार को निर्देश दिया.संबद्ध पक्षों को सुनने के बाद न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने एएसआई को मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई और लाइट लगाने का निर्देश दिया. इससे पूर्व, सोमवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एएसआई के वकील से स्पष्ट करने को कहा था कि मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई को लेकर उसके क्या पूर्वाग्रह हैं.
मस्जिद कमेटी के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नकवी ने कहा था कि आज की तिथि तक एएसआई के हलफनामे में यह साफ नहीं किया गया है कि एएसआई मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई और सजावटी लाइट लगाने से क्यों इनकार कर रहा है. नकवी ने बाहरी दीवार की कुछ रंगीन तस्वीरे भी पेश की थीं जिससे पुताई की जरूरत का पता चलता है.
March 12, 2025, 14:07 IST