: महराजगंज में करोड़ों की लागत से बन रहा पीपा पुल, पचास हजार की आबादी को मिलेगी बड़ी राहत
Last Updated:
Maharajganj News: महराजगंज से सटे कुशीनगर के भईसहा गांव में पीपा पुल का निर्माण शुरू हुआ है. इससे करीब 50 हजार लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी. व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी.
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से सटे के कुशीनगर जिले के खड्डा विधानसभा क्षेत्र के भईसहा गांव में करोड़ों की लागत से पीपा पुल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इस पीपा पुल के बन जाने से इस सीमावर्ती क्षेत्र के दूर दराज क्षेत्र में रहने वाले करीब पचास हजार से अधिक लोगों को इसका फायदा मिलने वाला है. एक लंबे समय से इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इस पीपा पुल के बनने के साथ ही उन लोगों में एक विश्वास बना है. इस क्षेत्र के आसपास के गांव के लोगों को नदी पार करने के लिए जोखिम उठाना पड़ता था और न चाहते हुए भी आवागमन के लिए कठिन रास्ता अपनाने को वह लोग मजबूर थे. बरसात के मौसम में स्थिति कुछ इतनी ज्यादा खराब हो जाती थी कि पूरी तरह से रास्ते बंद हो जाते थे और बरसात के अलावा सामान्य दिनों में भी यहां पर आवागमन करना बेहद मुश्किल होता है.
व्यापारियों को मुख्य धारा से जुड़ने का मिलेगा मौका
एक स्थानीय ने लोकल 18 से बातचीत के दौरान बताया कि इस क्षेत्र के दूर दराज गांवों में रहने वाले लोग अस्पताल जाने के लिए और अच्छे स्कूल, कॉलेज जाने और खासकर व्यापारियों को मुख्य मार्केट जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. इस पीपा पुल के बन जाने से अब लोगों को आवागमन के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा और समय की बचत भी होगी. व्यापारियों को मुख्य धारा से जुड़ने का मौका तो मिलेगा ही वहीं मरीज को समय पर अस्पताल भी पहुंचाया जा सकेगा. स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से भी यह पीपा पुल काफी महत्वपूर्ण साबित होने वाला है. व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे और पुल के बन जाने से स्थानीय व्यापारियों को अपना सामान बाजार तक पहुंचने में सुविधा होगी और किसानों को खाद बीज और कृषि उपकरण लाने में भी आसानी होगी. जिसका असर उनके रोजमर्रा के जीवन में भी पड़ने वाला है.
क्षेत्र का होगा सामाजिक और आर्थिक विकास
एक लंबे समय से इस क्षेत्र में पुल के निर्माण की मांग हो रही थी, इसके काफी दिनों बाद यह सकारात्मक पहल शुरू हुई है. स्थानीय लोगों के बीच इसका उत्साह है कि लोग बार-बार पीपा पुल के हो रहे निर्माण कार्य को देखने के लिए आ रहे हैं. बड़ी संख्या में मजदूर यहां पर कार्य कर रहे हैं और अलग-अलग आधुनिक उपकरण भी इसके निर्माण कार्य में प्रयोग किया जा रहे हैं, जिससे काम में तेजी लाई जा सके और जल्द से जल्द परियोजना को पूरा किया जा सके. कुल मिलाकर भईसहा गांव में बनने वाला यह पीपा पुल सिर्फ एक बड़ा कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि इस क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल है. इससे सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को एक नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में भी बदलाव देखने को मिलेगा.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें