मिल्कीपुर में सपा को सता रहा किस बात का डर, मतदान से पहले आयोग को लिखा पत्र
Agency:News18 Uttar Pradesh
Last Updated:
Milkipur Upchunav: मिल्कीपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से पुलिस प्रशासन की शिकायत की है, आरोप है कि पुलिस वोटर्स को प्रताड़ित कर रही है. सपा ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर बीजेपी के पक्ष में वोट डल…और पढ़ें
Milkipur Upchunav: मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा पत्र
हाइलाइट्स
- सपा ने मिल्कीपुर उपचुनाव में पुलिस प्रशासन की शिकायत की
- सपा ने जिला विद्यालय निरीक्षक को हटाने की मांग की
- मिल्कीपुर में 5 फरवरी को उपचुनाव के लिए मतदान होगा
लखनऊ. अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पुलिस प्रशासन की शिकायत की है. समाजवादी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन वोटर्स को प्रताड़ित कर रहा है. सपा ने कुमारगंज की देवगांव पुलिस चौकी की शिकायत की है. साथ ही मिल्कीपुर चुनाव में प्रचार कर रहे यूपी सरकार के मंत्रियों की भी शिकायत की गई है.
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की तरफ से मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में जिला विद्यालय निरीक्षक पवन कुमार तिवारी पर बीजेपी के पक्ष में वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. सपा ने जिला विद्यालय निरीक्षक की हटाने की मांग भी की है. साथ ही पत्र में आयोग से मांग की गई है कि पीठासीन अधिकारी को पर्याप्त मात्रा में वोटर पर्ची मुहैया करवाई जाए ताकि कोई भी वोटर मताधिकार से वंचित न हो.
5 फरवरी को मतदान
गौरतलब है कि मिल्कीपुर में बुधवार यानी 5 फ़रवरी को उपचुनाव के लिए मतदान होगा जबकि नतीजा 8 फ़रवरी को आएगा. मिल्कीपुर उपचुनाव में कुल 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. मिल्कीपुर सीट पर मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच ही है. दोनों ही दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. समाजवादी पार्टी की तरफ से फैज़ाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद मैदान में हैं, जबकि बीजेपी ने चंद्रभानु पासवान को टिकट दिया है.
सपा-बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल
मिल्कीपुर सीट बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों के लिए ही प्रतिष्ठा का सवाल है. समाजवादी पार्टी इस सीट पर अपना कब्जा बरक़रार रखना चाहती है तो बीजेपी लोकसभा चुनाव में मिली हार की भरपाई इस सीट पर कमल खिलाकर करना चाहती है. यही वजह है कि दोनों ही दलों के दिग्गज नेताओं ने इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है.
Lucknow,Uttar Pradesh
February 04, 2025, 08:48 IST